डेथ नोट, जहर और खौफनाक साजिश... कैसे एक शूटिंग कोच बना आंध्र प्रदेश के परिवार की तबाही की वजह?
आंध्र प्रदेश के राजमुंदरी में एक परिवार के तीन सदस्यों ने गोदावरी नदी में आत्महत्या कर ली, जिसमें एक बच्चे को बचाया गया।

आंध्र प्रदेश परिवार सुसाइड मामले में शूटिंग कोच गिरफ्तार
HighLights
राजमुंदरी में परिवार के तीन सदस्यों ने गोदावरी नदी में आत्महत्या की।
सुसाइड नोट से शूटिंग कोच की आपराधिक साजिश का खुलासा हुआ।
आरोपी शेख सादिक खान मेरठ से गिरफ्तार, पुलिस पूछताछ जारी।
डिजिटल डेस्क, अमरावती। आंध्र प्रदेश के राजमुंदरी में गोदावरी नदी में एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने नदी में छलांग लगाकर सुसाइड कर लिया। जबकि एक 7 वर्षीय मासूम बच्चे को मछुआरों की मुस्तैदी से सकुशल बचा लिया गया।
अब पुलिस जांच में मिले सुसाइड नोट और व्हाट्सएप मैसेज ने आत्महत्या के इस मामले के पीछे छिपी एक बड़ी आपराधिक साजिश का खुलासा किया है।
गोदावरी नदी में लगाई छलांग
यह घटना 17 अगस्त देर रात की है। काकीनाडा का रहने वाला परिवार कार से पहले राजमुंदरी स्थित गोदावरी पुल पर पहुंचा और फिर से वहां नदी में छलांग लगाई। मृतकों की पहचान 61 वर्षीय तिलापुडी नूकाराजू, उनकी 59 वर्षीय पत्नी तिलापुडी मीना और 34 वर्षीय बेटी कोव्वुरी सौजन्या के रूप में हुई।
जानकारी के अनुसार, पहले नूकाराजू और उनकी पत्नी ने नदी में छलांग लगाई, जिसके बाद सौजन्या अपने 7 वर्षीय बेटे रियांश कार्तिकेय रेड्डी को गोद में लेकर कूद गईं। लेकिन बच्चा नदी में गिरने से पहले पुल को लोहे की ग्रिल में फंस गया।
घटना की सूचना मिलते ही गश्त कर रही राजमुंदरी II टाउन पुलिस ने अलर्ट जारी किया और मौके पर मौजूद स्थानीय मछुआरों ने पानी में उतरकर बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला। परिवार के तीनों सदस्यों के शव बाद में बरामद किए गए।
सुसाइड नोट में हुआ बड़ा खुलासा
इस मामले की जांच में बड़ा मोड तब आया जब पुलिस को परिजनों द्वारा छोड़ा गया एक सुसाइड नोट मिला। नूकाराजू ने अपनी मौत से पहले कलेक्टर और एसपी को संबोधित करते हुए एक नोट इंजीनियरों के व्हाट्सएप ग्रुप में भेजा था।
सुसाइड नोट में खुलासा हुआ कि सौजन्या के पति की जुलाई में संदिग्ध मौत के बाद शेख सादिक खान नाम का एक राइफल शूटिंग कोच उनके जीवन में आया। शुरू में मदद का झांसा देकर उसने परिवार को अपने मानसिक और
वित्तीय नियंत्रण में लिया।
नूकाराजू ने आरोप लगाया कि सादिक ने सौजन्या और उसके बेटे को जाने से मारने की धमकियां दीं और परिवार की कीमती चीजों और बैंक खातों पर अवैध कब्जा कर लिया।
नूकाराजू की पत्नी मीना ने अपने सुसाइड नोट में आरोप लगाया कि साधिक उनकी बेटी को झांसा देकर पूरी संपत्ति अपने नाम करवाने और फिर उन्हें नुकसान पहुंचाने की फिराक में था। इसके साथ ही परिवार ने आरोप लगाया कि सौजन्या के पति जगदीश की हत्या केमिकल जहर देकर की गई थी, जिसमें खान का हाथ था।
उत्तर प्रदेश के मेरठ से गिरफ्तार हुआ आरोपी
इस घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए काकीनाडा जिले के पुलिस अधीक्षक जी. बिंदु माधव ने एडिशनल एसपी डॉ. महंती किशोर कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया।
तकनीकी निगरानी के आधार पर SIT को आरोपी के उत्तर प्रदेश में होने की जानकारी मिली। इसके बाद विशेष टीम मेरठ पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से 22 अगस्त को आरोपी को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद कोर्ट से ट्रांजिट वारंट लेकर उसे आंध्र प्रदेश लाया गया।
फिलहाल, पुलिस आरोपी सादिक खान से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां कॉल डेटा रिकॉर्ड्स, बैंक ट्रांजैक्शन, सीसीटीवी फुटेज और मेडिकल रिपोर्ट्स के जरिए आर्थिक नियंत्रण, धमकियों, धर्म परिवर्तन और जगदीश रेड्डी की संदिग्ध मौत में आरोपी की भूमिका की जांच कर रही हैं।
