विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'सिनेमा के एक युग का अंत...' PM मोदी, राष्ट्रपति मुर्मु समेत इन नेताओं ने धर्मेंद्र को किया याद

Published: Mon, 24 Nov 2025 03:39 PM (IST)Updated: Mon, 24 Nov 2025 06:26 PM (IST)

दिग्गज अभिनेता धर्मेद्र के निधन पर प्रधानमंत्री मोदी, राष्ट्रपति मुर्मु और अन्य नेताओं ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने धर्मेद्र को ...और पढ़ें

PM मोदी, राष्ट्रपति मुर्मु समेत इन नेताओं ने धर्मेद्र को किया याद

PM मोदी, राष्ट्रपति मुर्मु समेत इन नेताओं ने धर्मेद्र को किया याद

HighLights

  1. पीएम मोदी ने धर्मेद्र को श्रद्धांजलि दी

  2. राष्ट्रपति मुर्मु ने जताया शोक

  3. सिनेमा जगत में शोक की लहर

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर और 'ही-मैन' के नाम से मशहूर धर्मेंद्र का 89 साल की उम्र में निधन हो गया। मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में उन्होंने आखिरी सांस ली। उनके निधन का समाचार सुनकर फिल्म जगत से लेकर राजनेताओं और प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गयी।

पीएम नरेन्द्र मोदी ने उनके निधन पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, 'धर्मेंद्र जी के जाने से इंडियन सिनेमा में एक युग का अंत हो गया है। वह एक आइकॉनिक फिल्म पर्सनैलिटी थे, एक जबरदस्त एक्टर थे जो अपने हर रोल में चार्म और गहराई लाते थे।

जिस तरह से उन्होंने अलग-अलग रोल किए, उसने अनगिनत लोगों के दिलों को छुआ है। धर्मेंद्र जी अपनी सादगी, विनम्रता और प्यार के लिए भी उतने ही जाने जाते थे। इस दुख की घड़ी में, मेरी दुआएं उनके परिवार, दोस्तों और अनगिनत फैंस के साथ हैं। ओम शांति।'

इससे पहले राष्ट्रपति मुर्मु ने धर्मेद्र के निधन को अपूरणीय क्षति बताया। राष्ट्रपति मुर्मु ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, 'वरिष्ठ अभिनेता और पूर्व सांसद धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक अपूरणीय क्षति है। वे सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में से एक थे, उन्होंने अपने दशकों लंबे शानदार करियर में कई यादगार प्रस्तुतियां दीं।'

गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा, 'अपने बेहतरीन अभिनय से 6 दशकों तक हर देशवासी के दिल को छूने वाले धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।

एक सामान्य परिवार से आकर उन्होंने फिल्म जगत में अपनी पहचान बनाई। ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिजनों व प्रशंसकों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति शांति शांति।'

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी एक्टर के निधन पर शोक व्यक्त किया। एक एक्स पोस्ट में उन्होंने लिखा, 'भारतीय फिल्म जगत ने आज एक बहुमूल्य सितारा खो दिया।

मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र अब हमारे बीच नहीं रहे। 2012 में पद्मभूषण से सम्मानित, धर्मेंद्र ने दशकों तक सिनेमा प्रेमियों के दिलों पर राज किया और अपने अभूतपूर्व अभिनय व सादगीपूर्ण जीवन से एक गहरी छाप छोड़ी।

दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र के निधन पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी शोक जताया। उन्होंने एक एक्स पोस्ट में लिखा, 'महान अभिनेता धर्मेंद्र जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है और भारतीय कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। सिनेमा में लगभग सात दशकों के उनके अद्वितीय योगदान को हमेशा सम्मान और मोहब्बत के साथ याद रखा जाएगा।'

धर्मेंद्र के निधन पर एनसीपी (SP) प्रमुख शरद पवार ने हगर शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि 1960 के दशक में इंडियन सिनेमा में डेब्यू करने वाले और फिल्मों में आम लोगों की कहानियों में अहम रोल निभाने वाले, इंडियन ऑडियंस का दिल जीतने वाले और सिनेमा की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने वाले मशहूर एक्टर धर्मेंद्र देओल आखिरकार मौत से जंग हार गए। आज के युवाओं को शायद यह पता न हो, लेकिन एक पीढ़ी उनके चार्म, उनके हेयरस्टाइल और उनके कॉस्ट्यूम की फैन थी। 'शोले' में उनका निभाया रोल 'वीरू' आज भी इंडियन फैंस के दिलों में गहरी दोस्ती और एक टफ हीरो की पहचान के तौर पर छाया हुआ है।

जेपी नड्डा ने किया याद

धर्मेंद्र के निधन पर स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी शोक जताया। उन्होंने लिखा, "प्रख्यात फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र का निधन भारतीय सिनेमा और कला जगत के लिये अपूरणीय क्षति है। अपने प्रभावी अभिनय से सिनेमा प्रेमियों के दिलों पर उन्होंने अमिट छाप छोड़ी है। अपनी सादगी और जीवंत अभिनय से उन्होंने दशकों तक देश और दुनिया के कला प्रेमियों के दिलों पर राज किया। इस कठिन समय में शोक संतप्त परिवार और उनके प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।"

अखिलेश यादव का धर्मेंद्र पर पोस्ट

अखिलेश यादव ने धर्मेंद्र को याद करते हुए लिखा, "सालों साल देश के चित्रपट के आकाश पर चमचमाए धर्मेंद्र का जमीन से जुड़ा सादगी भरा आकर्षक व्यक्तित्व और उनका सहज अभिनय हमेशा याद किया जाएगा।"

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।