विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कहीं शॉर्ट सर्किट तो कहीं पटाखे की चिंगारी; दिल्ली-यूपी से बिहार-तेलंगाना तक आग का कहर

Published: Sun, 08 Nov 2026 09:46 PM (IST)Updated: Sun, 08 Nov 2026 11:12 PM (IST)

दीवाली के दिन दिल्ली, यूपी, बिहार, तेलंगाना, हरियाणा और सिक्किम सहित कई राज्यों में आग लगने की कई घटनाएं सामने ...और पढ़ें

दीवाली पर देशभर में आग का तांडव

दीवाली पर देशभर में आग का तांडव

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दीवाली के दिन देश के अलग-अलग राज्यों में एक के बाद एक आगजनी की घटनाएं सामने आईं। दिल्ली-एनसीआर से लेकर बिहार, तेलंगाना, हरियाणा और सिक्किम तक में फैक्ट्रियों, गोदामों, कबाड़ की दुकानों और पुराने अस्पताल परिसर में आग लगने की खबरें सामने आई हैं।

इन हादसों में कहीं शॉर्ट सर्किट तो कहीं पटाखों की चिंगारी को शुरुआती वजह माना जा रहा है। कई जगहों पर प्लास्टिक और ज्वलनशील सामग्री होने के कारण दमकलकर्मियों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी।

फैक्ट्रियों में मचा हड़कंप

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित विजयनगर औद्योगिक क्षेत्र की नोवा बोल्ट प्लास्टिक कंपनी में भयानक आग लग गई। प्लास्टिक की कुर्षियां बनाने में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल के कारण लपटों ने जल्द ही विकराल रूप ले लिया और आसमान में काले धुएं का घना गुबार छा गया। दमकल की एक दर्जन से अधिक गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति संभाली।

वहीं, राजधानी दिल्ली के नजफगढ़ स्थित नांगली सकरावती इलाके में एक गारमेंट फैक्ट्री में शाम 4:22 बजे आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद तुरंत दमकल की 25 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया, कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और कूलिंग ऑपरेशन शुरू किया।

हरियाणा और तेलंगाना में भी भारी नुकसान

हरियाणा के सोनीपत स्थित बड़ी इंडस्ट्रियल एरिया (फेस-1) में जूसर-मिक्सर बनाने वाली नॉर्थ वेस्ट इंडस्ट्रीज की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग की लपटों ने पूरी फैक्ट्री को चपेट में ले लिया। सोनीपत और पानीपत से पहुंचीं दमकल की 6 से अधिक गाड़ियों को 3 घंटे बाद भी मशक्कत करनी पड़ी।

दमकल अधिकारियों के अनुसार, अवैध निर्माण और फायर मूवमेंट रोड पर कब्जों के कारण दमकल वाहनों को मौके तक पहुंचने में काफी दिक्कतें आईं।

उधर तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के कटेदन इंडस्ट्रियल एरिया में प्लास्टिक ग्रैन्यूल बनाने वाली फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जो पास की एक प्लाईवुड यूनिट तक फैल गई। दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की।

पटना में गोदाम व कबाड़ की दुकान राख

बिहार की राजधानी पटना के बाईपास थाना क्षेत्र में स्थित कृष्णा स्टील गोदाम में आग लगने से लाखों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक और स्टील का सामान जलकर खाक हो गया। इसके अलावा पटना के मनेर में पटाखे की चिंगारी से कबाड़ की दुकान में आग लग गई, जिसे बुझाने के लिए कई दमकल गाड़ियों को तैनात करना पड़ा।

सिक्किम के पुराने अस्पताल में भी हादसा

दक्षिण सिक्किम के नामची में 1975 में बने पुराने अस्पताल परिसर में भी देर शाम अचानक आग लग गई। गनीमत यह रही कि दमकल विभाग ने समय रहते आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ। राज्य सरकार ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।

नागपुर में शोरूम में लगी आग

महाराष्ट्र के नागपुर के देव नगर स्क्वायर के पास सावरकर नगर में स्थित साई डायनेमिक्स टीवीएस शोरूम में भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में कई दोपहिया वाहन जलकर पूरी तरह खाक हो गए। बताया जा रहा है कि आग की शुरुआत पटाखों की वजह से शोरूम के शेड में हुई, जिसके बाद लपटें तेजी से परिसर के निचले हिस्से तक फैल गईं और भारी नुकसान हुआ।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।