ड्यून्स एविएशन ने एक्ट्रेस नोरा फतेही पर किया 3 करोड़ का मानहानि केस, क्या है पूरा मामला?
ड्यून्स एविएशन ने नोरा फतेही पर 3 करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा दायर किया है।

ड्यून्स एविएशन ने नोरा फतेही पर मानहानि का केस किया, फाइल फोटो

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। एक विमानन कंपनी ने गांधीनगर कोर्ट में बालीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही के खिलाफ तीन करोड़ रुपये का मानहानि का केस दायर किया है।
हर्जाने के अलावा, इस मुकदमे में कोर्ट से यह भी मांग की गई कि इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म से उस बयान या एयरक्राफ्ट से जुड़ी सभी चीजों को तुरंत हटाया जाए और अभिनेत्री की ओर से सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण दिया जाए।
कंपनी का आरोप है कि इंटरनेट मीडिया पर उनके अपमानजनक और गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणी, जिसमें उन्होंने कंपनी के चार्टर्ड विमान को "लेगो एयरप्लेन" कहा था, से कंपनी की साख को भारी नुकसान पहुंचा है। अदालत इस मामले की सुनवाई 25 सितंबर को करेगी।
ड्यून्स एविएशन द्वारा दायर केस के अनुसार, फतेही ने पिछले साल दिसंबर में मुंबई-जयपुर उड़ान के दौरान सेसना साइटेशन सीजे2 विमान के अंदर वीडियो रिकार्ड किए थे। वीडियो में उन्होंने विमान को छोटा, खिलौना और लेगो एयरप्लेन बताया और अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर पोस्ट किया।
कंपनी का आरोप है कि अभिनेत्री, जिनके 4.6 करोड़ से अधिक फालोअर्स हैं, के बयानों के कारण बुकिंग रद हुईं और कंपनी के कमर्शियल कामकाज पर बुरा असर पड़ा।
इस साल अप्रैल में दायर केस में कहा गया है कि फतेही के बयान गैर-जिम्मेदाराना, लापरवाह और बिना किसी तकनीकी जानकारी, पुष्टि या तथ्यात्मक आधार के दिए गए थे। कंपनी की बुकिंग में 15-20 प्रतिशत की गिरावट आई है और बुकिंग रद होने के मामलों में बढ़ोतरी हुई है।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
