पाकिस्तान के F-16 को गिराने वाले अभिनंदन ने छोड़ी वायुसेना, ज्वाइन की प्राइवेट एयरलाइन
वीर चक्र से सम्मानित ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान ने भारतीय वायु सेना छोड़ दी है और अब निजी क्षेत्रीय एयरलाइन Fly91 में शामिल हो गए हैं।

पाकिस्तान के छक्के छुड़ाने वाले अभिनंदन ने छोड़ी वायुसेना। (फाइल फोटो।)
HighLights
अभिनंदन वर्धमान ने भारतीय वायु सेना से इस्तीफा दिया।
अब निजी क्षेत्रीय एयरलाइन Fly91 में शामिल हुए।
2019 में पाकिस्तानी F-16 को मार गिराने के लिए सम्मानित।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। 27 फरवरी, 2019 को लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) के ऊपर हुई डॉगफाइट के दौरान पाकिस्तानी F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराने वाले और वीर चक्र से सम्मानित ग्रुप कैप्टन अभिनंदन ने भारतीय वायु सेना छोड़ दी है और एक प्राइवेट एयरलाइन जॉइन कर ली है।
अधिकारियों ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि उन्होंने 31 मार्च को वायुसेना को छोड़ दिया और बाद में रीजनल एयरलाइन Fly91 से जुड़ गए। अभिनंदन जिस हवाई लड़ाई (डॉगफाइट) में शामिल थे, वह घटना IAF के मिराज-2000 विमानों द्वारा पाकिस्तान के बालाकोट में ठिकानों पर हमले के एक दिन बाद हुई थी। यह हमला कश्मीर में 14 फरवरी 2019 को हुए पुलवामा आत्मघाती हमले के जवाब में किया गया था, जिसमें सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) के 40 जवान मारे गए थे। उस समय वे विंग कमांडर थे।
अभिनंदन ने पेश की थी मिसाल
उस समय 35 साल के अभिनंदन ने मिलिट्री एविएशन के इतिहास में एक मिसाल कायम की। उन्होंने एक एफ-16 को मार गिराया और इसके कुछ ही सेकंड बाद उनके अपने MiG-21 बाइसन पर मिसाइल से हमला हुआ, जिसके कारण उन्हें इजेक्ट करना पड़ा। जानकारों ने इसे MiG-21 बाइसन द्वारा F-16 को मार गिराने की पहली घटना बताया क्यों ये दोनों अलग-अलग जेनरेशन के फाइटर जेट हैं।
अपने विमान से बाहर निकलने के बाद उन्हें पकड़ लिया गया था, लेकिन लगभग 60 घंटे तक हिरासत में रखने के बाद पाकिस्तान ने उन्हें 1 मार्च, 2019 को भारत वापस भेज दिया।
दुश्मन को उलझन में डाल दिया था
दिसंबर 2019 में गजट ऑफ इंडिया में प्रकाशित अभिनंदन के प्रशस्ति-पत्र में कहा गया है कि उन्होंने पाकिस्तानी विमानों के समूह का बहादुरी से सामना किया, जबकि वे संख्या और तकनीक के मामले में कहीं ज्यादा मजबूत स्थिति में थे। साथ ही, अभिनंदन की आक्रामक चालों ने दुश्मन के विमानों को रणनीतिक रूप से उलझन में डाल दिया।
फरवरी 2019 में अभिनंदन MiG-21 बाइसन स्क्वाड्रन में तैनात थे और श्रीनगर एयर फोर्स स्टेशन पर ऑपरेशनल रेडीनेस प्लेटफॉर्म ड्यूटी पर थे, तभी पाकिस्तान एयर फोर्स के कई फाइटर जेट्स के एक बड़े ग्रुप को एलओसी की ओर बढ़ते हुए देखा गया।
साइटेशन में कहा गया है कि उन्होंने पीछे हट रहे दुश्मन के फाइटर जेट का पीछा किया और हवा में हुई लड़ाई में एक एफ-16 को मार गिराया। इसमें कहा गया, "हालांकि, इस अफरातफरी के दौरान दुश्मन के एक विमान ने कई एडवांस्ड BVR मिसाइलें दागीं, जिनमें से एक उनके विमान से टकरा गई, जिससे उन्हें दुश्मन के इलाके में इजेक्ट करना पड़ा।"
