भोपाल के अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में लगी आग, मरीजों को सुरक्षित निकाला
शहर के बागसेवनिया में विद्यानगर स्थित दीपशिखा अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में शुक्रवार रात करीब 10 बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते धुआं अस्पताल की चारों मंजिलों में फैल गया।

भोपाल के अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में लगी आग (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
चारों मंजिल में भर गया धुआं, डिलीवरी के लिए भर्ती महिलाएं भी थीं शामिल
आधे घंटे में सभी मरीजों को निकालकर पास के अस्पताल में कराया शिफ्ट
जेएनएन, भोपाल। शहर के बागसेवनिया में विद्यानगर स्थित दीपशिखा अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में शुक्रवार रात करीब 10 बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते धुआं अस्पताल की चारों मंजिलों में फैल गया।
इमरजेंसी वार्ड सहित अलग-अलग मंजिलों पर करीब 20 मरीज भर्ती थे। इनमें डिलीवरी के लिए भर्ती महिलाएं भी शामिल थीं। धुआं भरने से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस और अस्पताल के स्टाफ ने रेस्क्यू करके करीब आधे घंटे में सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला। करीब एक घंटे में आग पर भी काबू पा लिया गया। नगर निगम की दो दमकलें पहुंचीं, तब तक आग लगभग बुझ चुकी थी।
अस्पताल के बाहर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने परिसर से धुआं निकलते देखा। उन्होंने तत्काल अस्पताल के स्टाफ को इसकी सूचना दी। आग इमरजेंसी वार्ड तक ही सीमित रही, लेकिन धुआं पूरे अस्पताल में फैल गया था।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में शार्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है। अस्पताल की लिफ्ट बीच में थी, जबकि सीढ़ियां बाहर की ओर थीं।
पुलिसकर्मियों ने लिफ्ट का इस्तेमाल करने के बजाय सीढ़ियों के रास्ते मरीजों को बाहर निकालना शुरू किया। सभी मरीजों को तत्काल पास स्थित सहारा अस्पताल में शिफ्ट कराया गया।
