तमिलनाडु में हादसा, बालिका आश्रय गृह की चार छात्राओं और वार्डन की झील में डूबने से मौत
तमिलनाडु के तिरुवन्नामलाई जिले में समुद्रम झील में पांच लोगों की डूबने से मौत हो गई, जिनमें एक सरकारी बालिका संरक्षण गृह की वार्डन और चार लड़कियां शामिल हैं।

झील में डूबने से छात्राओं की मौत।
HighLights
समुद्रम झील में पांच लोगों की डूबने से दर्दनाक मौत हुई।
मृतकों में बालिका संरक्षण गृह की चार छात्राएं और वार्डन शामिल।
दीपावली अवकाश के दौरान नहाते समय हुआ यह हादसा।
डिजिटल डेस्क, चेन्नई। तमिलनाडु के तिरुवन्नामलाई जिले में सोमवार को पेरुमबक्कम के पास समुद्रम झील में पांच लोगों की डूबने से मौत हो गई। मरने वालों में सरकारी बालिका संरक्षण गृह की चार लड़कियां और उनकी हास्टल वार्डन शामिल हैं।
यह घटना तब हुई, जब दीपावली की छुट्टियों के दौरान, लड़कियां अपनी वार्डन के साथ नहाने के लिए झील पर गई थीं।
कैसे हुआ हादसा?
मरने वालों की पहचान शेल्टर होम की वार्डन थेनमोझी, और चार लड़कियों विजयलक्ष्मी, अल्ली, भूमिका और वल्लियाम्मल के रूप में हुई है। ये चारों लड़कियां तिरुवन्नामलाई के पास पेरुमबक्कम में स्थित एक सरकारी बालिका संरक्षण गृह में रहती थीं।
जब सभी पानी में थे तभी एक लड़की डूबने लगी। इसके बाद बाकी लड़कियां भी पानी में फंस गईं, जिससे पांचों की जान चली गई। हालांकि, असल में क्या हुआ यह ठीक-ठीक पता नहीं चल पाया है और क्या किसी ने दूसरों को बचाने की कोशिश की, इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।