थाली में परोस रहे थे 'बीमारी', गुमराह करने वाले 3 फूड ब्रांड्स को FSSAI ने किया बैन
भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने गुमराह करने वाले दावों और साफ-सफाई के उल्लंघन के कारण तीन फूड बिजनेस ऑपरेटरों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं।

FSSAI ने तीन फूड बिजनेस ऑपरेटरों के लाइसेंस निलंबित किए

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने तीन फूड बिजनेस ऑपरेटरों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं।
एफएसएसएआई ने गुरुवार को बताया कि गुमराह करने वाले दावों, साफ सफाई के मानकों का पालन नहीं करने और गंभीर खाद्य सुरक्षा उल्लंघनों के कारण यह कार्रवाई की गई है। खाद्य व्यवसाय से जुड़े व्यक्ति, कंपनी या संस्था को फूड बिजनेस आपरेटर कहते हैं।
FSSAI ने तीन फूड बिजनेस ऑपरेटरों के लाइसेंस रद किए
एफएसएसएआई ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि मेघालय में एबी. एंटरप्राइज, ओडिशा में जाइका आर्गेनिक्स (ओपीसी) प्राइवेट लिमिटेड और नारायणी फूड्स और बेवरेजेज के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए हैं।
एफएसएसएआई ने कहा कि एबी. एंटरप्राइज ने उत्पाद लेबल और प्रचार सामग्री पर स्वास्थ्य लाभ के दावे कर खाद्य सुरक्षा और मानक (विज्ञापन और दावे) नियम, 2018 का उल्लंघन किया।
कंपनी को नोटिस जारी कर सुनवाई का अवसर दिया गया। कंपनी को सभी खाद्य व्यवसाय गतिविधियां रोकने का निर्देश दिया गया है।
मेघालय, ओडिशा की कंपनियों पर खाद्य सुरक्षा उल्लंघन का आरोप
अन्य कार्रवाई में, जाइका आर्गेनिक्स प्राइवेट लिमिटेड का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया, क्योंकि निरीक्षण के दौरान इस कंपनी के विनिर्माण और भंडारण क्षेत्रों में गंदगी, धूल, मकड़ी के जाले, कीटों से बचाव की कमी मिली।
उपकरणों पर जंग लगे थे। कुछ सामग्रियों और उत्पादों पर निर्माण तिथियों, बैच नंबरों और उपयोग की तिथियों जैसे महत्वपूर्ण विवरणों वाले लेबल गायब थे।
कंपनी की इस फैक्ट्री का अनुपालन स्कोर मात्र 12 प्रतिशत पाया गया। एफएसएसएआई ने नारायणी फूड्स और बेवरेजेज के लाइसेंस भी निलंबित किया है। इस कंपनी की फैक्ट्री में भी साफ सफाई की कमी पाई गई।
जांच के दौरान पानी के स्रोतों के पास शैवाल स्टोरेज एरिया में मक्खियां और मकड़ी के जाले, जंग लगे उपकरण, तैयार सामान का गलत तरीके से स्टोरेज जैसी कई कमियां मिलीं। इस कंपनी का अनुपालन स्कोर 25 प्रतिशत रहा।

