विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 21, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'बचत उत्सव में खरीदें मेड इन इंडिया सामान', GST में बड़ा बदलाव; पीएम मोदी ने की बड़ी घोषणा

Published: Sun, 21 Sep 2025 10:00 PM (IST)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 22 सितंबर से जीएसटी में बड़ा बदलाव होने जा रहा है जो आत्मनिर्भर भारत ...और पढ़ें

पीएम मोदी ने की बड़ी घोषणा (फाइल फोटो)
पीएम मोदी ने की बड़ी घोषणा (फाइल फोटो)

HighLights

  1. पीएम ने देश को किया संबोधित, कहा- नवरात्रि के पहले दिन से जीएसटी बचत उत्सव शुरू
  2. कहा- आयकर व जीएसटी सुधारों से बचेंगे 2.5 लाख करोड़- स्वास्थ्य व जीवन बीमा और घूमना-फिरना भी हो जाएगा

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। वर्ष 2017 के जुलाई माह में जीएसटी प्रणाली लागू होने के आठ वर्ष बाद 22 सितंबर से अप्रत्यक्ष कर में सबसे बड़ा बदलाव होने जा रहा है। इस बड़े बदलाव की पूर्व संध्या में राष्ट्र के नाम संबोधन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आत्मनिर्भर अभियान के लिए एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है।

नवरात्रि के पहले दिन 22 सितंबर को सूर्योदय के साथ ही अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधार लागू हो जाएंगे। इसके साथ ही देश में बचत उत्सव शुरू होने जा रहा है। लोगों की बचत बढ़ेगी और वे अपनी पसंद की चीजें ज्यादा आसानी से खरीद सकेंगे। लोग हर वह सामान खरीदें जो मेड इन इंडिया हो।

देश के गरीब, मध्यम वर्ग, नए मध्य वर्ग, युवा, किसान, महिलाएं, दुकानदार, व्यापारी, उद्यमी सभी को इस बचत उत्सव का फायदा होगा। इस सुधार से भारत की विकास की कहानी आगे बढ़ेगी, कारोबार और आसान हो जाएगा, निवेश और आकर्षक होंगे और हर राज्य को विकास की दौड़ में बराबरी का साथी बनने का मौका मिलेगा।

प्रधानमंत्री ने जीएसटी प्रणाली के पूर्व काल का उदाहरण देते हुए कहा कि तब देश की जनता, व्यापारी, उद्यमी सभी अलग-अलग टैक्स के जाल में उलझे हुए थे। टैक्स व टोल के जंजाल की वजह से हालात खराब थे। उन्होंने कहा कि सुधार एक अनवरत चलने वाली प्रक्रिया है। वर्तमान जरूरतें और भविष्य के सपनों को देखते हुए जीएसटी के नए सुधार कार्यक्रम लागू हो रहे हैं। अब सिर्फ पांच और 18 प्रतिशत के ही टैक्स स्लैब होंगे।

जिन सामानों पर पहले 12 प्रतिशत टैक्स था, उनमें से 99 प्रतिशत चीजें अब पांच प्रतिशत के दायरे में आ जाएंगी। खाने-पीने के सामान, दवाइयां, साबुन, ब्रश, पेस्ट, स्वास्थ्य व जीवन बीमा जैसे अनेकों सामान या तो टैक्स मुक्त हो जाएंगे या उन पर सिर्फ पांच प्रतिशत टैक्स देना होगा। मोदी ने कहा कि देश की समृद्धि को स्वदेशी के मंत्र से शक्ति मिलेगी।

आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए राज्यों को अपने-अपने यहां मैन्यूफैक्च¨रग को गति देनी होगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने मध्य वर्ग के लिए इस वर्ष 12 लाख तक की आय पर टैक्स से पहले ही छूट दे दी है। अब 25 करोड़ उन लोगों की बारी है जो गरीबी को परास्त कर नए मध्य वर्ग के रूप में उभर रहे हैं।

आयकर और जीएसटी की इस छूट से 2.5 लाख करोड़ से ज्यादा की बचत होगी। जीएसटी में इस बदलाव से लोगों के लिए घर बनाने से लेकर टीवी, फ्रिज, स्कूटर, कार खरीदना सस्ता हो जाएगा। घूमना-फिरना भी सस्ता हो जाएगा क्योंकि ज्यादातर होटल के कमरों पर भी जीएसटी कम कर दिया गया है।

एमएसएमई से कहा, जो देश में बना सकते हैं, उन्हें देश में बनाएं

मोदी ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए हमें आत्मनिर्भरता के रास्ते पर चलना होगा। इसका बहुत बड़ा दायित्व एमएसएमई पर है। उन्होंने एमएसएमई से कहा कि जो हम देश में ही बना सकते हैं, उन्हें हमें देश में ही बनाना चाहिए। जीएसटी की दरें कम होने और उनके नियम आसान बनने से एमएसएमई और लघु व कुटीर उद्योग को बहुत फायदा होगा।

उनकी बिक्री बढ़ेगी और टैक्स भी कम देना होगा। उन्होंने एमएसएमई से वस्तुओं की गुणवत्ता पर खास ध्यान देने को कहा। ताकि भारत में निर्मित वस्तु दुनिया में आन-बान-शान के साथ सर्वश्रेष्ठ होने के सारे मानक पार कर जाए। हमारे उत्पादों से दुनिया में हमारी पहचान हो।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।