गुवाहाटी में भूस्खलन से एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, 19 साल का बेटा बचा
गुवाहाटी के नूनमती इलाके में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई।

गुवाहाटी में भूस्खलन से तीन लोगों की मौत
HighLights
गुवाहाटी के नूनमती में भूस्खलन से तीन की मौत।
भारी बारिश के कारण पहाड़ी का हिस्सा मकान पर गिरा।
परिवार का 19 वर्षीय बेटा बिप्लब सुरक्षित निकाला गया।
डिजिटल डेस्क, गुवाहाटी। गुवाहाटी के नूनमती इलाके में मंगलवार सुबह भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई।
इस हादसे में परिवार का एक सदस्य जिंदा बच बच गया है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पहाड़ी का हिस्सा गिरने से ढहा मकान
यह घटना नूनमती के मठघरिया इलाके में सुबह करीब 8 बजे घटी। सोमवार रात से गुवाहाटी में हो रही लगातार बारिश की वजह से पास की पहाड़ी की चोटी से मिट्टी और मलबे का एक बड़ा हिस्सा ढहकर नीचे बने मकान पर गिर गया।
इस हादसे के समय परिवार के सदस्य सो रहे थे, जिससे किसी को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और पूरा परिवार मलबे के नीचे दब गया।
इस हादसे में नागेन राजबोंगशी (44), सानू राजबोंगशी (38) और मीना राजबोंगशी (12) की मौत हो गई।
बेटे को सुरक्षित निकाला गया बाहर
हादसे के बाद पुलिस और जिला आपदा प्रबंधन विभाग की टीमं ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। मलबे में दबे 19 वर्षीय बेटे बिप्लब राजबोंगशी को सुरक्षित बाहर निकाला गया, फिलहाल उसका इलाज जारी है।
वहीं तीनों शवों को मलबे से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) भेज दिया है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, नागेन राजबोंगशी दिहाड़ी मजदूरी करते थे और अपने परिवार के साथ कई सालों से इस इलाके में रह रहे थे।
अन्य इलाकों में भी हादसे
इस घटना के अलावा अमसिंग और अठगांव इलाकों से भी भूस्खलन की खबरें आई हैं, जहां प्राथमिक जानकारी के मुताबिक 1-1 व्यक्ति की मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा इसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
