Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हिमंत बिस्व सरमा ने मुख्यमंत्री पद से दिया इस्तीफा, 11 मई के बाद शपथ ग्रहण संभव

    Updated: Wed, 06 May 2026 07:42 PM (IST)

    असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने अपने कैबिनेट सहयोगियों के साथ इस्तीफा दे दिया है, जिससे भाजपा के लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का मार्ग प्रशस्त ...और पढ़ें

    हिमंत बिस्व सरमा का मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा। (पीटीआई)

    हिमंत बिस्व सरमा का मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा। (पीटीआई)

    HighLights

    1. हिमंत बिस्व सरमा ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया।

    2. राज्यपाल ने इस्तीफा स्वीकार कर कार्यवाहक CM रहने को कहा।

    3. नई सरकार का शपथ ग्रहण 11 मई के बाद संभव।

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने अपने कैबिनेट सहयोगियों के साथ इस्तीफा दे दिया है। इससे भाजपा के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

    राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने इस्तीफा स्वीकार किया और सरमा से अनुरोध किया कि वे नई सरकार के गठन तक देखरेख करने वाले मुख्यमंत्री के रूप में कार्य करते रहें। शपथग्रहण समारोह 11 मई के बाद होने की संभावना है।

    हिमंत बिस्व सरमा का मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा

    मुख्यमंत्री कार्यालय ने बुधवार को एक पोस्ट में कहा, ''असम चुनाव-2026 के परिणामों की औपचारिक अधिसूचना के बाद और नई सरकार के गठन की सुविधा के लिए हिमंत बिस्व सरमा ने लोकभवन में राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य के समक्ष मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद के अन्य सदस्यों के साथ अपना इस्तीफा दिया।'' राज्यपाल ने इस्तीफा स्वीकार कर लिया।

    शपथ ग्रहण समारोह 11 मई के बाद होने की संभावना

    बाद में लोक भवन के बाहर पत्रकारों से सरमा ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह 11 मई के बाद होने की संभावना है। चूंकि यह ऐतिहासिक जीत थी, इसलिए हमने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस अवसर पर आमंत्रित किया है। पीएमओ ने सूचित किया है कि मोदी 11 मई तक व्यस्त हैं और उसके बाद राज्य का दौरा कर सकेंगे।

    उन्होंने कहा,''भाजपा ने दो केंद्रीय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है। विधायक दल अगले मुख्यमंत्री के लिए नेता का नामांकन करेगा। राजग के घटक बैठक कर नाम को अंतिम रूप देंगे। विधायक दल की बैठक 11 मई से पहले होगी।'' पार्टी के विधायकों की बैठक और नेता के नाम को राजग सदस्यों द्वारा समर्थन मिलने के बाद भाजपा सरकार बनाने का दावा करेगी। नए मुख्यमंत्री यह तय करेंगे कि मंत्रिपरिषद में नए चेहरे होंगे या नहीं।

    खबरें और भी

    चुनाव के परिणाम राज्यपाल को सौंपे

    असम के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग गोयल ने विधानसभा चुनाव के परिणाम राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को सौंपे। गोयल के नेतृत्व में निर्वाचन अधिकारी की टीम ने राज्यपाल से मुलाकात की और निर्वाचित विधायकों की सूची प्रस्तुत की। आधिकारिक परिणामों के प्रस्तुत होने के बाद राज्यपाल नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू करेंगे।

    अगप अध्यक्ष अतुल बोरा विधायक दल के नेता

    असम गण परिषद के अध्यक्ष अतुल बोरा को नए निर्वाचित विधायकों द्वारा सर्वसम्मति से उनके विधायक दल का नेता चुना गया। निर्वाचित विधायकों ने नई सरकार का नेतृत्व करने के लिए भाजपा के हिमंत बिस्व सरमा के नाम का भी प्रस्ताव रखा। अगप विधायक दल की पहली बैठक में बोरा ने राज्य के लोगों का आभार व्यक्त किया।

    (समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

    यह भी पढ़ें- असम में जीत के बाद हिमंत का प्रहार, 'खेड़ा ने असमिया महिला को बदनाम करना चाहा, जनता ने उन्हें 'पेड़ा' बना दिया'