विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारतीय वायु सेना की बढ़ेगी ताकत, 811 करोड़ में खरीदे जाएंगे 160 सैटेलाइट स्मार्ट ग्लाइड बम

Published: Wed, 23 Sep 2026 11:22 PM (IST)

सरकार ने भारतीय वायु सेना के लिए 160 सैटेलाइट स्मार्ट एंटी-एयरफील्ड हथियार (SAT-SAAW) खरीदने हेतु भारत डायनामिक्स लिमिटेड (BDL) के साथ लगभग 811 करोड़ रुपये का अनुबंध किया है।

वायु सेना के लिए 160 SAT-SAAW हथियारों की खरीद का अनुबंध

वायु सेना के लिए 160 SAT-SAAW हथियारों की खरीद का अनुबंध

HighLights

  1. वायु सेना के लिए 160 SAT-SAAW हथियारों की खरीद का अनुबंध

  2. भारत डायनामिक्स लिमिटेड (BDL) के साथ 811 करोड़ रुपये का सौदा

  3. स्वदेशी रूप से विकसित ये हथियार रक्षा तैयारियों को बढ़ाएंगे

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सरकार ने बुधवार को वायु सेना के लिए 160 सैटेलाइट स्मार्ट एंटी-एयरफील्ड हथियार (एसएटी-एसएएडब्ल्यू) और उनसे जुड़े उपकरण खरीदने के लिए भारत डायनामिक्स लिमिटेड (बीडीएल) के साथ लगभग 811 करोड़ रुपये का अनुबंध किया।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, एसएटी-एसएएडब्ल्यू हवा से जमीन पर सटीक निशाना लगाने वाला ग्लाइड बम है। इसे जगुआर, हाक और सुखोई सू-30 एमकेआइ जैसे विमानों से लांच किया जा सकता है।

इसमें दुश्मन के एयरफील्ड को दूर से ही नष्ट करने की क्षमता है। एसएटी-एसएएडब्ल्यू की डिलीवरी 2027-2028 और 2028-2029 के बीच होनी है।

मंत्रालय ने कहा, 'इसके शामिल होने से निश्चित रूप से भारतीय वायु सेना की बिना किसी रुकावट के आपरेशन जारी रखने की क्षमता बढ़ेगी और देश की रक्षा तैयारी भी मजबूत होगी।'

वायु सेना के लिए 160 एसएटी-एसएएडब्ल्यू और उनसे जुड़े उपकरण खरीदने के लिए बीडीएल के साथ इस अनुबंध पर दिल्ली में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की मौजूदगी में हस्ताक्षर किए गए। इसकी कुल लागत 810.79 करोड़ रुपये है।

डीआरडीओ द्वारा स्वदेशी रूप से डिजाइन और विकसित इस सिस्टम में 60 प्रतिशत स्वदेशी सामग्री होगी। साथ ही, रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को और बढ़ावा देने के लिए इनिशियल मेजरमेंट यूनिट, लांग इंपैक्ट डिले फ्यूज और ट्विन स्टोर कैरियर जैसे सब-सिस्टम का भी स्वदेशीकरण किया जाएगा।

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)