'अमेरिका से युद्ध हुआ तो हम पाकिस्तान का देंगे साथ', राजस्थान भाजपा चीफ ने दिया विवादित बयान
राठौड़ ने कहा कि यदि अमेरिका और पाकिस्तान के बीच युद्ध होता है तो पड़ोसी होने के नाते हम पाकिस्तान ...और पढ़ें

'अमेरिका से युद्ध हुआ तो हम पाकिस्तान का देंगे साथ', मदन राठौड़
HighLights
राजस्थान भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ने दिया विवादित बयान
बहुप्रसारित वीडियो पर कांग्रेस ने मोदी-शाह से मांगा जवाब
जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ के पाकिस्तान को लेकर दिए गए बयान का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हो रहा है।
बहुप्रसारित वीडियो में राठौड़ ने कहा कि यदि अमेरिका और पाकिस्तान के बीच युद्ध होता है तो पड़ोसी होने के नाते हम पाकिस्तान के साथ हैं, लेकिन भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध होने पर भारत का साथ देंगे। उनका यह बयान इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद कांग्रेस ने भाजपा नेतृत्व से स्पष्टीकरण मांगा है।
राठौड़ गुरुवार को जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में पूर्व राष्ट्रपति एवं भारत रत्न डा. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान उन्होंने पड़ोसियों के साथ खड़े होने की बात कही और पाकिस्तान का उदाहरण दिया। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने राठौड़ के बयान की आलोचना करते हुए सवाल उठाया कि क्या प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भी इस विचार से सहमत हैं?
उन्होंने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग भी उठाई। कांग्रेस नेता ने पाकिस्तान का हवाला देते हुए कहा कि वहां से भारत के सैनिकों और नागरिकों पर हमले होते रहे हैं, ऐसे में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का यह बयान गंभीर सवाल खड़े करता है। हालांकि, भाजपा की ओर से इस मुद्दे पर कोई औपचारिक स्पष्टीकरण नहीं आया है।
