विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 01, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Monsoon Update: जून 1901 के बाद से सबसे गर्म, जुलाई में होगी झमाझम बारिश! पढ़ें IMD का नया अपडेट

By Agency Edited By: Abhinav Atrey
Published: Mon, 01 Jul 2024 07:04 PM (IST)

आईएमडी ने बयान में कहा कि उत्तर-पश्चिम भारत में पिछले महीने जून में 1901 के बाद से सबसे गर्म महीना ...और पढ़ें

जुलाई में देश में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना। (फाइल फोटो)
जुलाई में देश में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. देश में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना
  2. न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना
  3. जुलाई में अच्छी मानसूनी बारिश की उम्मीद

पीटीआई, नई दिल्ली। लगभग पूरे देश में मानसून पहुंच चुका है। इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्रों के कुछ हिस्सों को छोड़कर भारत में जुलाई में सामान्य से ज्यादा बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के प्रमुख मृत्युंजय महापात्र ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पूरे देश में जुलाई की औसत बारिश सामान्य से अधिक होने की संभावना है, जो 28.04 सेमी की लंबी अवधि के औसत से 106 प्रतिशत ज्यादा है।

देश में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना

उन्होंने कहा, "पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों और उत्तर-पश्चिम, पूर्व और दक्षिण-पूर्वी प्रायद्वीपीय भारत के कुछ हिस्सों को छोड़कर देश के ज्यादातर हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है।" वहीं, मौसम विभाग ने बताया है कि पश्चिमी तट को छोड़कर उत्तर-पश्चिम भारत और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है।

बयान में आगे कहा गया है कि मध्य भारत, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत तथा पश्चिमी तट के कई हिस्सों में सामान्य से अधिक अधिकतम तापमान रहने की संभावना है।

न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना

मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों और मध्य भारत के आसपास के क्षेत्रों तथा दक्षिण-पूर्वी प्रायद्वीपीय भारत के कुछ हिस्सों को छोड़कर देश के ज्यादातर हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।

जुलाई में अच्छी मानसूनी बारिश की उम्मीद

उन्होंने कहा कि हम जुलाई में अच्छी मानसूनी बारिश की उम्मीद कर रहे हैं। मोहपात्रा ने कहा कि बादल छाए रहने से आमतौर पर न्यूनतम तापमान अधिक रहता है।

जून 1901 के बाद से सबसे गर्म महीना दर्ज किया गया

आईएमडी ने बयान में कहा कि उत्तर-पश्चिम भारत में पिछले महीने जून में 1901 के बाद से सबसे गर्म महीना दर्ज किया गया, जिसमें औसत तापमान 31.73 डिग्री सेल्सियस रहा। आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक, क्षेत्र में मासिक औसत अधिकतम तापमान 38.02 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.96 डिग्री सेल्सियस अधिक है। औसत न्यूनतम तापमान 25.44 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.35 डिग्री सेल्सियस अधिक है।

अंत में आईएमडी प्रमुख ने कहा कि उत्तर-पश्चिम भारत में जून में औसत तापमान 31.73 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.65 डिग्री सेल्सियस अधिक और 1901 के बाद से सबसे अधिक है।

ये भी पढ़ें: Agniveer scheme: राहुल गांधी के अग्निवीर वाले बयान पर रक्षा मंत्री का पलटवार, लगाया सदन को गुमराह करने का आरोप

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।