ओमान में जहाज पर हमले में भारतीय की मौत, MEA बोला- नागरिक बुनियादी ढांचे पर हमले बंद हों
ओमान तट के पास भारतीय मालवाहक जहाज पर हमले की विदेश मंत्रालय ने निंदा की है, जिसमें एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और 13 बचाए गए।

ओमान में जहाज पर हमले की विदेश मंत्रालय ने की निंदा (फाइल फोटो- रॉयटर्स)
HighLights
ओमान तट पर भारतीय मालवाहक जहाज पर हमला हुआ।
एक भारतीय नाविक की मौत, 13 अन्य बचाए गए।
विदेश मंत्रालय ने नागरिक ठिकानों पर हमले की निंदा की।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ओमान के तट के पास भारतीय ध्वज वाले मालवाहक जहाज पर हुए हमले की विदेश मंत्रालय (MEA) ने निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र में नागरिक बुनियादी ढांचे और जहाजों को निशाना बनाना तुरंत बंद होना चाहिए।
मंत्रालय ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जताई और कहा कि ओमान में भारतीय दूतावास स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है। मस्कट स्थित भारतीय दूतावास मृतक के पार्थिव शरीर और अन्य बचाए गए 13 भारतीय नागरिकों की सुरक्षित स्वदेश वापसी के लिए ओमान प्रशासन के साथ समन्वय कर रहा है।
विदेश मंत्रालय ने की निंदा
ओमान के तट के पास एक कमर्शियल जहाज पर हुए हमले को लेकर विदेश मंत्रालय ने बयान जारी करते हुए कहा, 'हम सोमवार शाम ओमान के लिमाह के पास एक कमर्शियल जहाज 'MSV अल जुसुफी' पर हुए हमले की निंदा करते हैं।
जहाज पर सवार 14 भारतीय नागरिकों में से 13 को बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय नागरिक की चोट लगने के कारण दुखद मौत हो गई है। हम इस बहुमूल्य जान के नुकसान पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।
ओमान में हमारा दूतावास स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है और बचाए गए भारतीय नागरिकों तथा मृतक के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द वापस लाने के लिए ओमान के अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है।
कमर्शियल जहाजों पर हमला चिंताजनक
विदेश मंत्रालय ने आगे दोहराया कि इस क्षेत्र में कमर्शियल जहाजों पर लगातार हो रहे हमले बेहद चिंताजनक हैं। हम तनाव को तुरंत कम करने और कूटनीतिक समाधान के लिए चल रही बातचीत को पूरा करने की अपनी अपील दोहराते हैं, ताकि इस क्षेत्र में शांति और स्थिरता वापस आ सके।
इस क्षेत्र में कमर्शियल जहाजों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप, इस क्षेत्र के अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों से जहाजों की आवाजाही और व्यापार को बिना किसी रुकावट के जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए।
सर्बानंद सोनोवाल ने जताया दुख
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर नाविक की मौत पर गहरा दुख जताया और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मंत्रालय और ओमान स्थित भारतीय दूतावास वहां के स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।