इबोला को लेकर सरकार की सलाह, बहुत जरूरी न हो तो कांगो, युगांडा और दक्षिण सूडान की यात्रा न करें
भारत सरकार ने इबोला के प्रकोप के कारण कांगो, युगांडा और दक्षिण सूडान की गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी है। ...और पढ़ें

इबोला को लेकर सरकार की सलाह। (यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अफ्रीका के कुछ हिस्सों में बुंडीबुग्यो स्ट्रेन के कारण फैले इबोला के प्रकोप को देखते हुए भारत सरकार ने नागरिकों को कांगो, युगांडा और दक्षिण सूडान की गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी है। यह सलाह विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा 17 मई को इस स्थिति को अंतरराष्ट्रीय चिंता का सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित करने के बाद जारी की गई है।
सरकार ने कहा है कि इन देशों में रह रहे या यात्रा कर रहे भारतीय नागरिकों से आग्रह है कि वे स्थानीय अधिकारियों द्वारा जारी सार्वजनिक स्वास्थ्य दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करें, स्वच्छता संबंधी उच्च सावधानियां बरतें, लक्षण वाले व्यक्तियों के संपर्क से बचें और बुखार या संबंधित लक्षणों की स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता लें।
बुंडीबुग्यो स्ट्रेन के संक्रमण से होता है इबोला बुखार
इबोला बुखार बुंडीबुग्यो स्ट्रेन के संक्रमण से होता है और इसकी मृत्यु दर बहुत अधिक होती है। सलाह में बताया गया है कि बुंडीबुग्यो स्ट्रेन से होने वाले इबोला की रोकथाम या उपचार के लिए अभी तक कोई टीका या उपचार स्वीकृत नहीं किया गया है।
वहीं, आईएएनएस के अनुसार, भारत ने अफ्रीका रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (सीडीसी) को तत्काल चिकित्सा सामग्री और सुरक्षा किटों की पहली खेप भेजी है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अफ्रीका को इबोला से उत्पन्न सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल से निपटने में भारत की सहायता के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की।
खबरें और भी
इबोला वायरस को लेकर आंध्र प्रदेश सरकार 'हाई अलर्ट' पर
आंध्र प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सत्य कुमार यादव ने रविवार को कहा कि राज्य सरकार 'हाई अलर्ट' पर है और अफ्रीका के कुछ हिस्सों में इबोला वायरस के फैलने और इससे होने वाली मौतों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एहतियाती कदम उठाए हैं। इबोला वायरस को लेकर आंध्र सरकार ने हवाई अड्डों पर स्क्रीनिंग शुरू कर दी है।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- 'कांगो, युगांडा की यात्रा से बचें', इबोला के प्रकोप के बीच भारत ने जारी की एडवाइजरी