यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 05, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Kiccha Sudeep on Threat Letter: 'मुझे पता है कि किसने धमकी भरा पत्र भेजा है... उचित जवाब दूंगा'- किच्चा सुदीप
Kiccha Sudeep कन्नड़ अभिनेता किच्चा सुदीप के प्रबंधक को सोशल मीडिया पर उनके निजी वीडियो को जारी करने की धमकी देने वाला एक पत्र मिला है। पुलिस ने आईपीस ...और पढ़ें

कर्नाटक, एजेंसी। कन्नड़ अभिनेता किच्चा सुदीप और उनके मैनेजर को सोशल मीडिया पर उनके निजी वीडियो को जारी करने की धमकी देने वाला एक पत्र मिला है। पत्र मिलने के बाद बेंगलुरु के पीएस पुत्तनहल्ली में आईपीसी की धारा 120बी, 506 और 504 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। इस मामले में पुलिस जांच कर रही है।
कन्नड़ सुपरस्टार किच्चा सुदीप ने बुधवार को आरोप लगाया कि वह उस व्यक्ति को जानते हैं जिसने उन्हें धमकी भरा पत्र भेजा था, उन्होंने कहा कि यह फिल्म उद्योग के किसी व्यक्ति द्वारा भेजा गया है।
यह फिल्म उद्योग के किसी व्यक्ति का काम- किच्चा सुदीप
बुधवार को बेंगलुरु हवाईअड्डे पर मीडियाकर्मियों से बात करते हुए सुदीप ने कहा, 'हां, मुझे एक धमकी भरा पत्र मिला है और मुझे पता है कि इसे किसने भेजा है। मुझे यह भी पता है कि यह फिल्म उद्योग के किसी व्यक्ति का काम था। मैं उन्हें उचित जवाब दूंगा।'
उन्होंने आगे कहा कि वे मुझे और मेरे घर के पते को जानते हैं, इसलिए उन्होंने डाक से पत्र भेजा है। मैं सब कुछ सामने लाऊंगा। मैं धमकी भरे पत्र का जवाब दूंगा।
किच्चा सुदीप ने चुनाव लड़ने की अटकलों पर लगाया विराम
किच्चा सुदीप ने आगामी कर्नाटक चुनाव लड़ने की अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा कि वह केवल भारतीय जनता पार्टी के लिए प्रचार करेंगे। उन्होंने कहा, 'मैं केवल भाजपा के लिए प्रचार करूंगा, चुनाव नहीं लड़ूंगा।'
उन्होंने आगे कहा, 'मैं एक अभिनेता हूं। कई पार्टियां मुझसे संपर्क करती हैं, टिकट की पेशकश करती हैं और प्रचार करने के लिए कहती हैं। मैं किसी भी राजनीतिक दल में शामिल नहीं हो रहा हूं। मैंने किसी के पक्ष में कुछ फैसले लिए हैं। मैं उनके पक्ष में काम करूंगा जो मेरे कठिन समय में मेरे पक्ष में खड़े होंगे।'