विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 17, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

केजरी को मोदी की चुनौती स्वीकार, काशी से लड़ने को तैयार

By Edited By:
Published: Mon, 17 Mar 2014 12:30 AM (IST)Updated: Mon, 17 Mar 2014 10:43 AM (IST)

आम आदमी पार्टी (आप) नेता अरविंद केजरीवाल ने साफ कर दिया है कि वह भाजपा के प्रधानमंत्री उम्मीदवार को उत्तर ...और पढ़ें

News Article Hero Image

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) नेता अरविंद केजरीवाल ने साफ कर दिया है कि वह भाजपा के प्रधानमंत्री उम्मीदवार को उत्तर प्रदेश की वाराणसी सीट से सीधे टक्कर देंगे। काशी में मोदी को मिल रहे जबरदस्त समर्थन का अंदाजा लगाते हुए उन्होंने यह भी कहा है कि वह काशी की धरती पर जीत या हार के लिए नहीं, बल्कि संघर्ष करने जा रहे हैं। अपने प्रभाव क्षेत्र दिल्ली में घटते समर्थन के बाद अब केजरीवाल की रणनीति जीतने से ज्यादा मजबूती से लड़ते हुए दिखने की है।

केजरीवाल ने बेंगलूर की रैली में वाराणसी की सीट से लड़ने का स्पष्ट संकेत दिया। हालांकि इस सीट पर मोदी के सामने खड़े होने के अंजाम का अंदाजा लगाते हुए उन्होंने यह भी कह दिया, 'हम यहां कोई पद या पैसा लेने के लिए नहीं आए हैं। जान न्योछावर करने आए हैं।' अब वह 23 मार्च को वाराणसी में रैली करेंगे और अगर वहां की जनता उन्हें यह जिम्मेदारी देती है तो इसे स्वीकार करेंगे। लिहाजा, उनका वाराणसी से लड़ना तय माना जा रहा है। मोदी के खिलाफ खुद को झोंक कर केजरीवाल ने राष्ट्रीय स्तर पर मीडिया में अपना स्थान पक्का कर लिया है। साथ ही आप की लोकप्रियता के गिरते ग्राफ और कार्यकर्ताओं के टूटते मनोबल को ऊंचा उठाने के लिए भी केजरीवाल के इस दांव को अहम माना जा रहा है। विरोधियों का कहना है कि दिल्ली में जिस तरह लगातार आप की लोकप्रियता घटी है, उसके बाद यहां की सीट भी उनके लिए सुरक्षित नहीं रह गई थी, जबकि मोदी के खिलाफ लड़ने के एलान के बाद बड़ी तादाद में पार्टी कार्यकर्ता भी प्रचार के लिए वाराणसी जाने को खड़े हो गए हैं।

खुद अपना एक सीट से ही लड़ना तय होने के बाद उन्होंने मोदी के दो सीटों से लड़ने की संभावना पर भी प्रहार करना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा, 'कुछ दिन से सुन रहे हैं कि मोदीजी शायद दो सीट से लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। एक सुरक्षित सीट गुजरात से ढूंढ़ रहे हैं। ऐसा करेंगे तो लगेगा कि वे सिर्फ गुजरात के नेता हैं। प्रधानमंत्री बनने लायक नहीं। हमें तो बहादुर प्रधानमंत्री चाहिए। सुरक्षित सीट ढूंढ़ने वाला नहीं।' भाजपा ने एक दिन पहले ही नरेंद्र मोदी के वाराणसी सीट से लड़ने का एलान किया था। वहीं, आप पहले ही कह चुकी थी कि मोदी गुजरात के बाहर जहां से भी लड़ेंगे केजरीवाल वहीं जाकर उन्हें चुनौती देंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।