केरलम में रफ्तार का कहर: जज के नाबालिग बेटे ने मर्सिडीज से स्कूटी को मारी टक्कर, 54 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर मौत
केरलम के चेरानेल्लूर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 54 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। यह दुर्घटना एक एडिशनल ...और पढ़ें

(AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)
डिजिटल डेस्क, कोच्चि। केरलमम के चेरानेल्लूर इलाके में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में 54 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। आरोप है कि यह दुर्घटना एक तेज रफ्तार मर्सिडीज-बेंजी कार से हुई, जिसे एक एडिशनल सेशन जज का नाबालिग बेटा चला रहा था।
इस घटना के बाद से इलाके में भारी आक्रोश है और पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि यह हादसा रविवार तड़के करीब 2:00 से 3:00 बजे के बीच चेरानेल्लूर के पास हुआ। मृतक की भतीजी ने मीडिया को बताया कि उनके चाचा गुजारा चलाने के लिए एक फूड स्टॉल चलाते थे और रविवार तड़के जब यह हादसा हुआ, तब वे अपना काम खत्म कर घर लौट रहे थे।
परिवार का आरोप है कि कार बहुत ज्यादा रफ्तार में थी, क्योंकि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटर पूरी तरह से चकनाचूर हो गया और उस पर रखा सारा सामान सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गया। हादसे में उनके चाचा की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस थाने में जज के रवैये पर भड़का परिवार
मृतक के परिजनों का आरोप है कि जब वे पुलिस स्टेशन पहुंचे और जज से यह सवाल किया कि उन्होंने अपने नाबालिग बेटे को गाड़ी चलाने की अनुमति क्यों दी थी, तो जज ने उनके साथ कथित तौर पर बहुत बदतमीजी और अपमानजनक लहजे में बात की।
पीड़ित परिवार ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि हम इस मामले में कानूनी रूप से आगे बढ़ेंगे, खासकर जज के इस तरह के रवैये को देखते हुए। यह पूरी घटना हर किसी के लिए एक सबक होनी चाहिए कि बिना लाइसेंस के गाड़ी नहीं चलानी चाहिए।
जज के नाम पर रजिस्टर्ड थी गाड़ी
गौरतलब है कि पुलिस ने प्रारंभिक जांच में यह भी पुष्टि की है कि जिस मर्सिडीज-बेंजी कार से यह हादसा हुआ, वह दुर्घटना के समय संबंधित जज के नाम पर ही रजिस्टर्ड थी। पुलिस फिलहाल मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है।
