विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 14, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Nipah Virus: क्या निपाह वायरस की वजह से केरल के कोझिकोड में लौटेगा लॉकडाउन? शनिवार तक शिक्षण संस्थान बंद

By AgencyEdited By: Anurag Gupta
Published: Thu, 14 Sep 2023 11:16 PM (IST)

केरल के कोझिकोड जिले में निपाह वायरस के संक्रमण से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने शिक्षण संस्थानों और कोचिंगों ...और पढ़ें

विश्वविद्यालय के परीक्षा कार्यक्रम में कोई फेरबदल नहीं (फोटो: रायटर और एएफपी)
विश्वविद्यालय के परीक्षा कार्यक्रम में कोई फेरबदल नहीं (फोटो: रायटर और एएफपी)

HighLights

  1. मिलकर स्थिति से निपट सकते हैं: राज्य की स्वास्थ्य मंत्री
  2. संक्रमितों के इलाज के लिए पहुंचाई गई मोनोक्लोनल एंटीबाडी
  3. विश्वविद्यालय के परीक्षा कार्यक्रम में कोई फेरबदल नहीं

तिरुअनंतपुरम, पीटीआई। केरल के कोझिकोड जिले में निपाह वायरस के संक्रमण से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने शिक्षण संस्थानों और कोचिंगों में 16 सितंबर तक अवकाश घोषित कर दिया है, लेकिन विश्वविद्यालय के परीक्षा कार्यक्रम में कोई फेरबदल नहीं किया गया है।

कितने लोगों की हुई मौत?

इस बीच निपाह संक्रमितों के इलाज के लिए उपलब्ध एकमात्र प्रायोगिक इलाज 'मोनोक्लोनल एंटीबाडी' को इंडियन काउंसिल आफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) ने राज्य में पहुंचा दिया है। कोझिकोड में इस वायरस के संक्रमण से दो लोगों की मौत हो चुकी है और तीन अन्य लोग पाजिटिव मिले हैं। संक्रमितों में से एक नौ वर्षीय बच्चे की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

यह भी पढ़ें: कोझिकोड में दो दिन बंद रहेंगे शैक्षणिक संस्थान, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बोलीं- स्थिति 2018 जैसी नहीं

'मोनोक्लोनल एंटीबाडी' के केरल पहुंचने के बाद राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीणा जार्ज ने बताया कि एंटीवायरल की स्थिरता के बारे में केंद्रीय विशेषज्ञ समिति के साथ चर्चा की गई थी। आगे की कार्रवाई या कदमों पर फैसला विशेषज्ञ समिति करेगी।

उन्होंने कहा कि किसी भी तरह से सशंकित होने की जरूरत नहीं है। हम सब मिलकर इस स्थिति से निपट सकते हैं। दिन में राज्य के स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के बीच एक बैठक भी हुई। एम102.4 मोनोक्लोनल एंटीबाडी को कोझिकोड में 2018 में निपाह संक्रमण के दौरान संक्रमितों के इलाज के लिए आयात किया गया था। तब इसका उपयोग नहीं किया गया था, क्योंकि इसके आने तक वायरस का संक्रमण खत्म हो चुका था।

आइसीएमआर ने सैंपलों की जांच में तेजी लाने के लिए अपनी मोबाइल बीएसएल-3 लैब भी कोझिकोड भेजी है। अभी तक सैंपलों को पुणे स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट आफ वायरोलाजी (NIV) में भेजा जा रहा था। इसके अलावा राजीव गांधी सेंटर फार बायोटेक्नोलाजी ने भी पूर्ण रूप से सुसज्जित मोबाइल वायरोलाजी टेस्टिंग लैब कोझिकोड भेजी है।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने तैयारियों का लिया जायजा

इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री डा. भारती प्रवीण पवार ने कोझिकोड में निपाह वायरस की रोकथाम के लिए उठाए गए कदमों की समीक्षा की और तैयारियों का जायजा लेने के लिए एनआइवी, पुणे का दौरा किया। विभिन्न क्षेत्र के विशेषज्ञों की केंद्रीय टीम भी हालात का जायजा लेने के लिए कोझिकोड पहुंच गई है।

स्वास्थ्य मंत्री की सलाह

स्वास्थ्य मंत्री वीणा जार्ज ने कहा कोझिकोड के पड़ोसी जिलों कन्नूर, वायनाड और मलप्पुरम को भी सतर्कता बरतनी चाहिए। उन्होंने लोगों को मास्क पहनने, शारीरिक दूरी बनाए रखने और सर्दी, बुखार, सिरदर्द या गला खराब होने पर स्वास्थ्य कर्मियों से संपर्क करने का सुझाव दिया। सरकार का कहना है कि यह वायरस का बांग्लादेश वैरिएंट है, जो मानव से मानव में फैलता है। यह कम संक्रामक है, लेकिन इसकी मृत्युदर अधिक है।

यह भी पढ़ें: केरल में निपाह वायरस को लेकर अलर्ट, मरीजों को घरों में रहने की सलाह; फलों की भी जांच के आदेश

राज्य में पर्यटन पर नहीं पड़ेगा असर

प्रदेश के पर्यटन मंत्री पीए मोहम्मद रियास ने गुरुवार को कहा कि निपाह वायरस के संक्रमण से राज्य के पर्यटन क्षेत्र पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि केरल में यात्रा पर कोई प्रतिबंध नहीं है। केरल में यात्रा करना पूरी तरह सुरक्षित है। रियास ने कहा कि अभी भी बड़ी संख्या में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय पर्यटक केरल पहुंच रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।