विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

केरलम में NH-66 पर खड़ी लॉरी से टकराई कार, 8 इंजीनियरिंग छात्रों की मौत

Published: Sat, 05 Sep 2026 08:10 PM (IST)

केरलम के त्रिशूर में NH-66 पर एक भीषण सड़क हादसे में तमिलनाडु के डिंडीगुल इंजीनियरिंग कॉलेज के आठ छात्रों की ...और पढ़ें

केरलम में सड़क हादसे में 8 छात्रों की मौत

केरलम में सड़क हादसे में 8 छात्रों की मौत

HighLights

  1. केरल के त्रिशूर में NH-66 पर भीषण सड़क हादसा।

  2. तमिलनाडु के 8 इंजीनियरिंग छात्रों की दर्दनाक मौत।

  3. खड़ी लॉरी से टकराई कार, CM ने सुरक्षा पर चिंता जताई।

डिजिटल डेस्क, तिरुवनंतपुरम। केरलम के त्रिशूर जिले में हुआ एक भीषण सड़क हादसा तमिलनाडु के कई परिवारों के लिए कभी न भूलने वाला वज्रपात बन गया।

शुक्रवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-66 पर कैपासमंगलम के पास हुए इस मर्मस्पर्शी हादसे में एक कॉलेज के आठ होनहार इंजीनियरिंग छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई। युवा सपनों से भरी यह जिंदगी पलक झपकते ही थम गई, जिससे डिंडीगुल और आसपास के क्षेत्रों में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, यह हृदयविदारक घटना शुक्रवार रात लगभग 11 बजकर 40 मिनट पर पनंबिक्कुन्नु में घटी। तमिलनाडु के डिंडीगुल स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज के ये छात्र गुरुवयूर से कोडुंगल्लूर की ओर जा रहे थे। जिस कार में वे सवार थे, वह तेज गति से आगे बढ़ रही थी और वह एनएच-66 पर एक निर्माण कार्य के चलते डायवर्जन के पास पहुंची।

वहां सड़क के दाहिने हिस्से में महाराष्ट्र नंबर की एक लॉरी अवैध रूप से खड़ी थी। तेज रफ्तार कार के चालक को अंधेरे में न तो बैरिकेडिंग दिखाई दी और न ही खड़ी लॉरी, जिससे कार सीधे उसके पिछले हिस्से से जा टकराई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि छह छात्रों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य को अस्पताल ले जाने पर मृत घोषित कर दिया गया।

मृतकों की पहचान सूर्या, युवसंजीत, जोशुआ, मुरली और जीवा (सभी डिंडीगुल के निवासी), संतोष व प्रसन्ना (मदुरै के) तथा विश्वा (सेलम के) के रूप में हुई है। स्वजनों के अनुसार, संतोष ने हाल ही में नई कार खरीदी थी, जिसका पंजीकरण पूरा न होने के कारण उन्होंने कोच्चि की इस यात्रा के लिए किराये पर गाड़ी ली थी, किसे पता था कि यह सफर उनकी अंतिम यात्रा बन जाएगा।

इस दुखद घटना ने प्रशासन की कार्यशैली और सड़कों पर सुरक्षा के दावों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने लापरवाही और गैर-इरादतन हत्या के आरोप में लारी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, जो हादसे के बाद से फरार है।

त्रिशूर ग्रामीण के जिला पुलिस प्रमुख मोहम्मद नदीमुद्दीन ने स्पष्ट किया है कि शुरुआती जांच में लारी चालक की बड़ी लापरवाही सामने आई है।

'निर्माणधीन राजमार्गों पर सुरक्षा के मोर्चे पर हो रही बड़ी चूक' इस मर्मभेदी हादसे के बाद राज्य में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी हड़कंप मच गया है। केरलम के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने इस पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए चिंता जताई है।

उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में कहा कि निर्माणधीन राजमार्गों पर सुरक्षा के मोर्चे पर बड़ी चूक हो रही है। मुख्यमंत्री ने इस गंभीर मुद्दे को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के समक्ष मजबूती से उठाने का निर्णय लिया है।

उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से आग्रह किया है कि वे राज्य की सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं की तत्काल और व्यापक सुरक्षा समीक्षा के आदेश दें, ताकि भविष्य में किसी अन्य मां की गोद इस तरह सूनी न हो।

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)