कर्नाटक में तमिल मूल के संदिग्ध शिकारियों की हत्या पर सियासत तेज, विजय ने की निंदा
कर्नाटक में तीन तमिल मूल के लोगों की हत्या पर सियासत गरमा गई है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने इस मामले पर दुख प्रकट करते हुए, घटना की निंदा की है और घटना को अस्वीकार्य बताते हुए निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने कर्नाटक में तीन तमिल मूल के लोगों की हत्या की निंदा की
HighLights
सीएम विजय ने मामले की जांच की मांग की है
कर्नाटक सीएम ने मजिस्ट्रेट जांच का आदेश दिया है
डिजिटल डेस्क, चेन्नई। कर्नाटक में तीन तमिल मूल के लोगों की हत्या पर सियासत गरमा गई है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने इस मामले पर दुख प्रकट करते हुए, घटना की निंदा की है और घटना को अस्वीकार्य बताते हुए निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।
बता दें कि कर्नाटक के चामराजनगर जिले में वन विभाग के अधिकारियों द्वारा तीन तमिल मूल के लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। हालांकि वन विभाग मामले पर स्पष्टीकरण दिया है लेकिन सीएम विजय ने मामले की जांच की मांग की है।
एक्स पर टीवीके के आधिकारिक हैंडल से जारी बयान में विजय ने कहा कि कर्नाटक के चामराजनगर जिले के हनूर तालुक के गांवों में रहने वाले तमिल मूल के एंथनी सामी, जॉन रोज पीटर और कुमार को 15 अगस्त 2026 की सुबह कावेरी वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र में कर्नाटक वन विभाग के अधिकारियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मैं इस नरसंहार की कड़ी निंदा करता हूं।
उन्होंने कहा कि कर्नाटक वन विभाग द्वारा दिए गए स्पष्टीकरण को स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने निष्पक्ष जांच, उच्च स्तरीय जांच समिति गठित करने और दोषियों को सजा दिलाने की मांग की। साथ ही कर्नाटक सरकार से पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की अपील की।
15 अगस्त की सुबह कावेरी वन्यजीव अभयारण्य (हनूर तालुक) में वन विभाग के कर्मियों और चार लोगों के बीच मुठभेड़ हुई बताई जाती है।
वन विभाग के अनुसार, संदिग्ध शिकारियों पर कार्रवाई के दौरान उन्होंने पहले फायरिंग की, जिसके जवाब में जवानों ने गोली चलाई। तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चौथे व्यक्ति को चोटें आईं या वह बच निकला। विभाग का दावा है कि उनके पास बिना लाइसेंस के हथियार और हिरण का मांस बरामद हुआ।
मृतकों की पहचान एंथनी सामी (या एंटनी स्वामी, करीब 50 वर्ष), जॉन रोज पीटर (करीब 42-43 वर्ष) और कुमार ( सेबेस्टियन डेविड कुमार/सवारियाप्पन, करीब 33-35 वर्ष) के रूप में हुई है। ये हनूर तालुक के गांवों में रहने वाले तमिल मूल के किसान बताए गए हैं।
परिवारों का आरोप है कि वे लापता मवेशियों की तलाश में जंगल गए थे और यह फर्जी मुठभेड़ है। मृतक की पत्नी ने शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर हनूर पुलिस ने वन अधिकारियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत हत्या का केस दर्ज किया है।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने मजिस्ट्रेट जांच का आदेश दिया है। क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन भी हुए।

