विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 04, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Lok Sabha Election Result 2024: ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुना में इतने मतों से जीत हासिल की, दुष्यंत ने झालावाड़-बारां में कांग्रेसी प्रतिद्वंद्वी को हराया

Published: Tue, 04 Jun 2024 11:06 PM (IST)

भाजपा प्रत्याशी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री का मुकाबला कांग्रेस के राव यादवेंद्र सिंह से था। ज्योतिरादित्य ने 2020 में ...और पढ़ें

ग्वालियर राजघराने के वंशज ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मध्य प्रदेश के गुना संसदीय क्षेत्र से 5,40,929 वोटों से जीत हासिल की।
ग्वालियर राजघराने के वंशज ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मध्य प्रदेश के गुना संसदीय क्षेत्र से 5,40,929 वोटों से जीत हासिल की।

पीटीआई, नई दिल्ली। Lok Sabha Election Result 2024: भाजपा के टिकट पर 2024 का लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election 2024) लड़ रहे राजपरिवारों (रायल फैमिली) के वंशजों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है, और उनमें से अधिकांश अपनी-अपनी सीटों पर भारी अंतर से आगे चल रहे हैं। ग्वालियर राजघराने के वंशज ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मध्य प्रदेश के गुना संसदीय क्षेत्र से 5,40,929 वोटों से जीत हासिल की।

भाजपा प्रत्याशी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री का मुकाबला कांग्रेस के राव यादवेंद्र सिंह से था। ज्योतिरादित्य ने 2020 में कांग्रेस से अपना 18 साल पुराना नाता तोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। गुना से उनके पिता स्वर्गीय माधवराव सिंधिया और दादी स्वर्गीय विजयाराजे सिंधिया प्रतिनिधित्व करती रही हैं यानी यह एक तरह से सिंधिया परिवार की परंपरागत सीट रही है। एक और राजघराने से जुड़े भाजपा प्रत्याशी और राजस्थान के धौलपुर के राजकुमार दुष्यंत सिंह ने झालावाड़-बारां से भारी मतों से जीत हासिल की।

उन्होंने कांग्रेस की अपनी प्रतिद्वंद्वी उर्मिला जैन को 3,70,989 वोटों से शिकस्त दी। वह पहले भी चार बार सांसद चुने जा चुके हैं। महाराणा प्रताप के वंशज विश्वराज सिंह मेवाड़ की पत्नी महिमा कुमारी मेवाड़ ने राजस्थान की राजसमंद लोकसभा सीट से कांग्रेस के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी डॉ. दामोदर गुर्जर को 3,92,223 वोटों से परास्त किया। दक्षिण में मैसूर राजघराने से जुड़े और अमेरिका में शिक्षित 31 वर्षीय भाजपा प्रत्याशी यदुवीर कृष्णदत्त चामराजा वाडियार ने मैसूर में कांग्रेस के उम्मीदवार एम लक्ष्मण को 1,39,262 वोटों से हराया।

2015 में उन्हें पूर्ववर्ती मैसूर राजघराने के मुखिया के रूप में ताज पहनाया गया था और वाडियार राजवंश का 27वां राजा बनाया गया था। ओडिशा में कालाहांडी जिले के शाही परिवार की सदस्य और पूर्व सांसद अर्का केशरी देव की पत्नी मालविका देवी ने बतौर भाजपा प्रत्याशी कालाहांडी में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बीजू जनता दल (बीजद) के लंबोदर नियाल को 1,33,813 वोटों से हराया।

पूर्वोत्तर राज्यों में त्रिपुरा के पूर्व शाही परिवार की सदस्या कृति सिंह देबबर्मा जोकि क्षेत्रीय पार्टी टिपरा मोथा और भाजपा की संयुक्त उम्मीदवार थी, ने त्रिपुरा पूर्व सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाकपा के राजेंद्र रियांग को 4,86,819 मतों से मात दी। त्रिपुरा में दो संसदीय क्षेत्र हैं और दोनों भाजपा के खाते में गईं।

रामपुर घराने के विक्रमादित्य को कंगना ने दी मात

2024 के लोकसभा चुनाव में हारने वाले राजघरानों के प्रत्याशी में मंडी लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह शामिल हैं। रामपुर राजघराने के वारिस और हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे दिवंगत वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य अपनी प्रतिद्वंद्वी और अभिनेत्री से नेता बनी भाजपा की कंगना रनौत से 74,755 वोटों से हार गए।

शाही परिवार की हारने वाली एक अन्य उम्मीदवार में बंगाल की कृष्णानगर सीट से राजमाता अमृता राय शामिल हैं। वह तृणमूल कांग्रेस की महुआ मोइत्रा से 56,000 से भी अधिक मतों से पिछड़ गईं। महाराजा कृष्णचंद्र राय के परिवार में विवाहित राय को निर्वाचन क्षेत्र में रानी मां के रूप में जाना जाता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।