बंगाल सरकार का बड़ा फैसला, चुनाव ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों को मिलेंगे 10-10 हजार रुपये, 62.56 करोड़ का आवंटन
बंगाल की नई भाजपा सरकार ने कुछ माह पहले राज्य में संपन्न विधानसभा चुनाव में ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों के ...और पढ़ें

बंगाल सरकार का बड़ा फैसला, चुनाव ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों को मिलेंगे 10-10 हजार रुपये
HighLights
विधानसभा चुनाव में कार्यस्थल से बाहर चुनावी ड्यूटी करने वाले 32,129 पुलिसकर्मियों को मिलेगा लाभ
राज्य सरकार ने 62 करोड़ 55 लाख 90 हजार 650 रुपये मंजूर किए हैं
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल की नई भाजपा सरकार ने कुछ माह पहले राज्य में संपन्न विधानसभा चुनाव में ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों के लिए बड़ा फैसला लिया है। चुनावी ड्यूटी के एवज में पुलिसकर्मियों को अतिरिक्त 10-10 रुपये दिए जाएंगे।
इसके लिए राज्य सरकार ने 62 करोड़ 55 लाख 90 हजार 650 रुपये मंजूर किए हैं। राज्य के गृह एवं पर्वतीय मामलों के विभाग की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है।
अधिसूचना के अनुसार, अपने कार्यस्थल से बाहर सेक्टर, नाका, त्वरित प्रतिक्रिया दल, उड़नदस्ता, स्थैतिक निगरानी दल समेत विभिन्न चुनावी ड्यूटी करने वाले 32,129 पुलिसकर्मियों को 10-10 हजार रुपये मानदेय के रूप में दिए जाएंगे।
इसके अलावा पुलिस के विभिन्न चुनावी प्रकोष्ठों में जिम्मेदारी निभाने वाले 2,956 पुलिसकर्मियों को भी 10-10 हजार रुपये दिए जाएंगे।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) एवं पुलिस महानिरीक्षक (आइजी) से लेकर पुलिस आयुक्त, उपमहानिरीक्षक, पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों को भी मानदेय के दायरे में रखा गया है।
उप पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और सहायक पुलिस आयुक्त स्तर के 300 अधिकारियों तथा निरीक्षक स्तर के 416 अधिकारियों के लिए भी राशि आवंटित की गई है।
15 दिन से अधिक ड्यूटी पर अतिरिक्त मानदेय
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, थाना प्रभारी स्तर के 233 अधिकारियों, रिजर्व अधिकारी व मोटर ट्रांसपोर्ट अधिकारी स्तर के 63 अधिकारियों तथा प्रशासनिक कार्यों से जुड़े 151 अन्य पुलिसकर्मियों को भी इस योजना में शामिल किया गया है।
वहीं, दूसरे जिले या अनुमंडल में चुनावी ड्यूटी करने वाले पुलिस अधिकारियों के लिए अलग मानदेय निर्धारित किया गया है।
उप पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों को 15 दिन तक की ड्यूटी के लिए 4,000 रुपये, निरीक्षक, उपनिरीक्षक और सहायक उपनिरीक्षक स्तर के कर्मियों को 3,000 रुपये तथा कांस्टेबल, महिला कांस्टेबल और होमगार्ड को 2,500 रुपये मानदेय मिलेगा।
15 दिन से अधिक ड्यूटी करने पर पद के अनुसार प्रत्येक अतिरिक्त सप्ताह के लिए भी मानदेय देने का प्रावधान किया गया है।
