मणिपुर में सेना और असम राइफल्स का संयुक्त ऑपरेशन, मुठभेड़ में 2 उग्रवादी ढेर; 2 घायल
मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में सेना और असम राइफल्स के संयुक्त ऑपरेशन में यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी (UKNA) के दो उग्रवादी मारे गए और दो घायल हो गए।
-1788683764894_m.webp)
मणिपुर में सुरक्षाबलों का बड़ा एक्शन (फाइल फोटो)
HighLights
चुराचांदपुर में सेना और असम राइफल्स का संयुक्त ऑपरेशन।
यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी के दो उग्रवादी मारे गए, दो घायल।
मौके से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद।
डिजिटल डेस्क, इंफाल। मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में सेना और असम राइफल्स के एक संयुक्त ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों और उग्रवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ के दौरान यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी (UKNA) के दो उग्रवादी मारे गए और दो अन्य उग्रवादी घायल हो गए।
सुरक्षा बलों ने मौके से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और कॉम्बैट यूनिफॉर्म बरामद की है।
जानिए पूरा घटनाक्रम
अधिकारियों ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर, सुरक्षा बलों ने 29 अगस्त की रात हेंगलेप सब-डिविजन के फाइबोंग गांव में एक ऑपरेशन शुरू किया। सुरक्षाबलों ने UKNA कैंप पर नजर रखी और 2 सितंबर की सुबह 5 बजे रणनीतिक रूप से कैंप के करीब पहुंचना शुरू किया।
इस दौरान UKNA के सदस्यों ने सुबह करीब 5.30 बजे अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके जवाब में सैनिकों ने नियंत्रित गोलीबारी की।
असम राइफल्स ने की पुष्टि
असम राइफल्स ने शनिवार रात सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, "खुफिया जानकारी से पुष्टि हुई है कि UKNA के 2 सदस्य मारे गए और 2 घायल हुए हैं।"
यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी (UKNA) केंद्र, मणिपुर सरकार और कई कुकी और जोमी सशस्त्र संगठनों के बीच हुए 'सस्पेंशन ऑफ ऑपरेशन्स' (SoO) समझौते का हिस्सा नहीं है। उन्होंने कहा कि आसपास के जंगलों में ऑपरेशन जारी है। (समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
