विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'मिर्जापुर' फिल्म के 'शूरवीर' गाने पर विवाद, बीजेपी नेता ने सेंसर बोर्ड से की सॉन्ग हटाने की मांग

Published: Thu, 10 Sep 2026 12:38 PM (IST)

मिर्जापुर फिल्म के 'शूरवीर' गाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बीजेपी नेता ने सेंसर बोर्ड को पत्र लिखकर इस गाने को फिल्म से हटाने की मांग की है।

मिर्जापुर फिल्म के शूरवीर गाने को लेकर विवाद (फोटो-IMDb)

मिर्जापुर फिल्म के शूरवीर गाने को लेकर विवाद (फोटो-IMDb)

HighLights

  1. 'मिर्जापुर' फिल्म के 'शूरवीर' गाने पर बड़ा विवाद खड़ा हुआ।

  2. बीजेपी नेता राजेंद्र राठौड़ ने गाने के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई।

  3. केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड से गाने को हटाने की मांग की।

डिजिटल डेस्क, जयपुर। 'मिर्जापुर' फिल्म के 'शूरवीर' गाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। फिल्म में गैंगस्टर और अपराधी किरदारों वाले दृश्यों के साथ महाराणा प्रताप को समर्पित गाने के इस्तेमाल पर विवाद भड़का है।

राजस्थान विधानसभा में विपक्ष के पूर्व नेता और वरिष्ठ बीजेपी नेता राजेंद्र राठौड़ ने इस गाने को लेकर आपत्ति जताई है और सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) के चेयरमैन प्रसून जोशी को पत्र लिखकर फिल्म से 'शूरवीर' गाना हटाने की मांग की है।

शूरवीर गाने को महाराणा प्रताप को समर्पित करने पर बवाल

बीजेपी नेता राजेंद्र राठौड़ ने CBFC को पत्र में लिखा, 'मिर्जापुर द मूवी' में गैंगस्टर, ड्रग तस्करों और अपराधी किरदारों के साथ रैपेरिया बालम के 'शूरवीर' गाने का इस्तेमाल बेहद आपत्तिजनक है और इससे लोगों की भावनाएं आहत होती हैं।'

राजेंद्र राठौड़ ने इन गाने को लेकर सवाल उठाते हुए लिखा कि इस तरह का चित्रण महाराणा प्रताप और उनसे जुड़ी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का अपमान है।

बीजेपी नेता ने आगे लिखा, 'महाराणा प्रताप के मूल्यों और गैंगस्टर किरदारों से जुड़े मूल्यों के बीच स्पष्ट अंतर है। इन दो बिल्कुल अलग संदर्भों को एक साथ जोड़ना गलत है।'

फिल्म से शूरवीर गाने को हटाने की मांग

राठौड़ ने शूरवीर गाने को फिल्म से हटाने की मांग करते हुए लिखा, 'सोशल मीडिया पर इस गाने के इस्तेमाल को लेकर आपत्तियां उठाई जा रही हैं। मैं सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन से अनुरोध करता हूं कि 'मिर्जापुर द मूवी' से 'शूरवीर' गाने के बोल हटा दिए जाएं।'

राजेंद्र राठौड़ ने सेंसर बोर्ड से यह भी सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि भविष्य में ऐतिहासिक हस्तियों से जुड़े गानों, प्रतीकों और संदर्भों के इस तरह के इस्तेमाल की अनुमति न दी जाए।

(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

यह भी पढ़ें- राजस्थान निकाय चुनाव: बीजेपी ने 7 और बागी नेताओं को 6 साल के लिए पार्टी से निकाला, अबतक 48 पर हुआ एक्शन