जमीन की हेराफेरी का मामला: निलंबित सीएसपी नेहा की गिरफ्तारी में जुटी MP पुलिस, करीबियों पर भी कसेगा शिकंजा
मध्य प्रदेश के कटनी जिले में हत्यारोपित से एक करोड़ कीमत की जमीन 18 लाख में अपने करीबी के नाम कराने वाली निलंबित नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) नेहा पच्चीसिया व उनके दो करीबियों पर अब गिरफ्तारी की तलवार लटकी हुई है।

निलंबित सीएसपी नेहा और करीबियों की गिरफ्तारी में जुटी मप्र पुलिस (फाइल फोटो)
HighLights
निलंबित सीएसपी नेहा और करीबियों की गिरफ्तारी में जुटी मप्र पुलिस
कटनी जिले में हत्यारोपित से एक करोड़ की जमीन 18 लाख में अपने करीबी के नाम कराने का मामला
मामले की जांच एएसपी को सौंपी गई, न्यायालय में अग्रिम जमानत का दिया आवेदन, कल सुनवाई संभव
जेएनएन, कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले में हत्यारोपित से एक करोड़ कीमत की जमीन 18 लाख में अपने करीबी के नाम कराने वाली निलंबित नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) नेहा पच्चीसिया व उनके दो करीबियों पर अब गिरफ्तारी की तलवार लटकी हुई है।
इस मामले की जांच के दायरे में कई अधिकारी और पुलिसकर्मी भी आ रहे हैं, जिन्होंने सीएसपी की मदद की है। मामले में नेहा और उनके दोनों करीबियों के खिलाफ गुरुवार को एफआइआर दर्ज हुई। शुक्रवार को उन समेत छह पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया।
इस बीच, सीएसपी और उनके करीबी क्षितिज राज बारापत्रे की ओर से जिला न्यायालय में अग्रिम जमानत का आवेदन दिया गया, लेकिन शनिवार को केस डायरी देरी से पहुंचने के कारण उस पर सुनवाई नहीं हो सकी।
अब सोमवार को सुनवाई हो सकती है। वहीं, पुलिस ने तीनों आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए जबलपुर समेत अन्य शहरों व राजस्थान तक टीमों को भेजा है। जबलपुर आइजी प्रमोद कुमार वर्मा ने मामले की जांच एएसपी अंजना तिवारी को सौंपी है।
बता दें कि कटनी सीएसपी नेहा पर आरोप है कि उन्होंने एक मामले में हत्यारोपित पर दबाव बनाकर उससे एक करोड़ कीमत की जमीन अपने करीबी के नाम 18 लाख रुपये देकर करा ली।
बंगले में दो दिन रखा, सरकारी गाड़ी से रजिस्ट्री-आईजी जबलपुर द्वारा कराई गई जांच में सामने आया है कि सीएसपी नेहा ने हत्यारोपित रमेश लोधी को दो दिन तक अपने शासकीय आवास में बंधक बनाकर रखा था।
उसे सीएसपी की सरकारी गाड़ी में बैठाकर रजिस्ट्री कार्यालय ले जाया गया था। रजिस्ट्री के बाद जब रमेश ने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत की और पटवारी के पास नामांतरण रोकने का आवेदन दिया, तो सीएसपी ने उसे धमकी दी थी कि यदि वह जेल जाने से बचना चाहता है, तो 75 लाख रुपये और देने होंगे। पैसे देने से इनकार करने पर सीएसपी ने रमेश और उसके दामाद को मुकदमे में शामिल कर जेल भिजवा दिया था।
एयर होस्टेस से डीएसपी तक का सफर-नेहा पच्चीसिया मूल रूप से राजगढ़ जिले के पचोर तहसील की निवासी है। उनके पिता शिक्षक थे। वह पहले एयर इंडिया में एयर होस्टेस थीं।
एमपी-पीएससी के 2016 में आए परिणाम में प्रदेश में 20वीं रैंक हासिल कर डीएसपी बनी। पहली पोस्टिंग गुना जिले में हुई थी, वहां पर भी आइजी से विवाद के चलते उनका स्थानांतरण हुआ।
कोरोना काल में देशभक्ति गीतों पर डांस कर लोगों को मोटिवेट करने पर सम्मान भी मिला था। इसके बाद पुलिस मुख्यालय भोपाल और खंडवा में तैनात रहीं। 2025 में कटनी में सीएसपी बनाया गया था।
कटनी में सीएसपी रहीं ख्याति मिश्रा भी चर्चा में रहीं
कटनी के सीएसपी के पद पर नेहा से पहले ख्याति मिश्रा पदस्थ रहीं। एसपी अभिजीत रंजन से उनकी करीबी और पति से उनका विवाद चर्चा में रहा। सीएसपी बंगले में ही पति के परिवार के साथ पुलिस ने मारपीट की थी।
