विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 15, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

देश-दुनिया की ये 15 तस्‍वीरें... जिन्‍होंने रुलाया, झकझोरा और सिस्‍टम को कोसा, लेकिन सबक लेने को मजबूर भी किया

By Jagran NewsEdited By: Deepti Mishra
Published: Fri, 15 Dec 2023 04:24 PM (IST)Updated: Fri, 15 Dec 2023 05:45 PM (IST)

Year Ender 2023 इस साल में यूं तो बहुत कुछ अच्छा और बुरा घटा लेकिन कुछ तस्‍वीरें ऐसी भी देखने ...और पढ़ें

Year Ender 2023: बीतते साल 2023 की डराने, झकझोरने और सबक देने वाली 15 तस्‍वीरें...
Year Ender 2023: बीतते साल 2023 की डराने, झकझोरने और सबक देने वाली 15 तस्‍वीरें...

 डिजिटल डेस्‍क, नई दिल्‍ली। साल 2023 विदाई लेने की ओर है। आज से 15 दिन बाद पूरी दुनिया 2024 का स्वागत कर रही होगी। नए साल का जश्न मनाने से पहले गुजरते साल 2023 का लेखा-जोखा करना भी जरूरी है कि आखिर पूरे साल में हमने क्या खोया और क्या पाया। इस साल में यूं तो बहुत कुछ अच्छा और बुरा घटा, लेकिन कुछ तस्‍वीरें ऐसी भी देखने को मिलीं, जिन्होंने मानवता को झकझोरा। इंसानियत को धिक्‍कारा। सिस्‍टम को कोसा और आमजन को दहशत से भर दिया।

यहां देखिए, बीतते साल 2023 की देश-दुनिया की डराने, झकझोरने और सबक देने वाली 15 तस्‍वीरें...

मणिपुर बन गया जंग का मैदान : ये दोनों तस्‍वीरें मणिपुर हिंसा की हैं। मणिपुर के कुकी और मैतेई समुदायों के बीच मई महीने में जातीय संघर्ष शुरू हुआ, जो साल के अंत तक जारी रहा। इस हिंसा में 180 से अधिक लोग मारे गए। 32 लोग अभी भी लापता हैं और 1108 लोग घायल हुए। हिंसा में 4,786 घर फूंक दिए। 386 धार्मिक स्थल ध्वस्त कर दिए गए। 70 हजार से ज्यादा लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े। मुर्दाघर में अभी भी 169 शव रखे हैं, जिन्हें कोई लेने नहीं आया। 

इंसानियत हुई शर्मसार : मणिपुर हिंसा के बीच इंसानियत को शर्मसार करने वाली ये तस्वीर सामने आई। एक समुदाय विशेष की दो महिलाओं को उपद्रवियों ने निर्वस्त्र कर घुमाया। फिर कथित तौर पर उनके साथ सामूहिक दुष्‍कर्म भी किया। फोटो सामने आने के बाद में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।

'कहां तुम चले गए...' : 2 जून, 2023 को ओडिशा के बालासोर जिले में भीषण दुर्घटना हुई, जिसमें ट्रेन में यात्रा कर रहे 290 से यात्रियों की जान चली गई और 1200 से ज्यादा लोग घायल हो गए। दरअसल, यह हादसा उस वक्‍त हुआ, जब चेन्नई जा रही कोरोमंडल एक्सप्रेस बाहानगा बाजार रेलवे स्टेशन पर खड़ी एक मालगाड़ी से टकरा गई। कुछ ही देर में विपरीत दिशा यानी हावड़ा से लौट रही यशवंतपुर एक्सप्रेस भी मालगाड़ी और कोरोमंडल एक्सप्रेस के डिब्बों से आ टकरा गई, जिससे हादसा भयावह हो गया था।

'मैं MP हूं... मुझे तो छोड़ दो' : बिहार की राजधानी पटना में मानसून सत्र के दौरान 13 जुलाई को बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी के मुद्दे पर विधानसभा का घेराव करने निकले भाजपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने जमकर लाठियां बरसाईं। पुलिस ने सांसदों और विधायकों समेत तमाम भाजपा कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इसी बीच जब महाराजगंज के भाजपा के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल पर जब पुलिस लाठियां बरसाने लगी तो उन्होंने कहा कि मैं सांसद हूं, मुझे तो छोड़ दो। इस लाठीचार्ज में भाजपा के जहानाबाद जिला के महामंत्री विजय कुमार सिंह की मौत हो गई थी। कई सांसद और विधायक बुरी तरह घायल हो गए।

सुलग उठा नूंह... : हरियाणा के नूंह में 31 अगस्त, 2023 को दो समुदायों के बीच झड़प हुई, जिसने हिंसक रूप ले लिया था। इसके बाद दोनों समुदायों ने एक-दूसरे पर जमकर पत्थर बरसाए। कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया। नूंह हिंसा में दो होमगार्डस और एक नागरिक की जान चली गई। 10 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हो गए।

मराठा आरक्षण पर सुलगा महाराष्ट्र: इस साल अक्टूबर में महाराष्ट्र में मराठा आंदोलन की आग एक बार फिर धधक गई थी। मराठा समुदाय को आरक्षण दिलाने के लिए 19 लोगों ने आत्महत्या कर ली, जिससे हिंसा भड़क गई। इसके बाद आंदोलनकारियों ने सार्वजनिक संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया।

'हमें जल्‍दी निकालो, यहां पर...': 12 नवंबर 2023 को उत्तरकाशी की सिल्कयारा से बारकोट तक निर्माणाधीन सुरंग का एक हिस्सा ढह गया था। इस दौरान वहां काम कर रहे 41 मजदूर सुरंग में फंस गए थे। 10वें दिन सुरंग में मजदूरों तक खाना पहुंचाने के लिए एक छह इंच का पाइप डाला गया था, जिसके जरिए मजदूरों को खिचड़ी और पानी भेजा गया।

इसी पाइप के जरिए एंडोस्कोपी कैमरा सुरंग में डालकर मजदूरों का हालचाल लिया और वॉकी-टॉकी से बात कर उनका हौसला भी बढ़ाया। इस दौरान कमोबेश सभी मजदूरों के चेहरे पर एक ही भाव था- 'हमें जल्दी निकालो, यहां पर हर बीतते दिन के साथ जिंदगी दूभर है।'

इजरायल-हमास की जंग: 7 अक्टूबर 2023 को सुबह करीब 6 से 6:30 के बीच हमास ने इजरायल पर रॉकेट से हमले करना शुरू कर दिया। हमास के लड़ाके इजराइल का बॉर्डर पार करके भीतर घुस आए और लोगों पर गोलियां बरसाने लगे। महिलाओं, बच्चों, बड़े बुजुर्गों और सैनिकों को मौत के घाट उतारा। गाजा बॉर्डर के पास इजराइली शहरों में जगह-जगह लाशें बिछ गईं। पर्यटकों को बंधक बना लिया। इसके बाद इजरायल ने पलटवार किया जो अब तक जारी है। इस जंग अब तक हजारों लोग मारे जा चुके हैं।

रूस-यूक्रेन जंग: 24 फरवरी 2022 को शुरू हुई रूस-यूक्रेन जंग को दो साल पूरे होने वाले हैं। इस जंग लाखों लोग मारे गए और करोड़ों लोग बेघर हो गए। एक रिपोर्ट के मुताबिक, रूस-यूक्रेन जंग में अब तक 3 लाख 15 हजार रूसी सैनिकों की मौत हुई है।

संसद हमले की 22 बरसी पर सुरक्षा में चूक: यह फोटो संसद में सुरक्षा की चूक की है। देश के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले संसद भवन में 13 दिसंबर को सुरक्षा में चूक की दो घटनाएं घटीं। पहली- संसद के बाहर दो लोगों के प्रदर्शन करने और दूसरी- लोकसभा में कार्यवाही के दौरान दर्शक दीर्घा में बैठे दो लोग सदन के बीच में कूदने की। जब दो संदिग्‍ध सदन में कूदे तो सदन में कुछ धुआं सा उठा। हालांकि, दोनों ही घटनाओं के संदिग्धों को सुरक्षाकर्मियों ने हिरासत में ले लिया है और पूछताछ की जा रही है।

यह भी पढ़ें - 22 साल पहले आज ही के दिन हुआ था संसद पर हमला, गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा था भवन; पढ़‍िए उस खौफनाक दिन की पूरी कहानी

यह भी पढ़ें - कौन हैं वो लोग जिन्होंने संसद को किया धुआं-धुआं, चार आरोपियों में एक महिला भी शामिल; इन राज्यों से है कनेक्शन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।