हरियाणा में मनोहर लाल से बंगाल में सुवेंदु अधिकारी तक, 2014 में मोदी के पीएम बनने के बाद 9 राज्यों में CM बने BJP के नए चेहरे
2014 में प्रधानमंत्री मोदी के सत्ता संभालने के बाद भाजपा ने नौ राज्यों में नए मुख्यमंत्री बनाए हैं। मनोहर लाल खट्टर, देवेंद्र फडणवीस और सुवेंदु अधिकार ...और पढ़ें
-1778336096176_m.webp)
2014 के बाद 9 राज्यों में बने भाजपा के नए मुख्यमंत्री (फाइल फोटो- PTI)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 2014 में देश की सत्ता संभालने के बाद पहली बार ऐसा हुआ है कि नौ राज्यों में भाजपा के नए चेहरे मुख्यमंत्री के तौर पर सत्ता के शिखर पर पहुंचे हैं। बंगाल में पहली बार भाजपा सरकार बनने के बाद सुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री बने।
इस राजनीतिक पैटर्न की शुरुआत 2014 में हरियाणा और महाराष्ट्र से हुई थी। इसके बाद असम (2016), अरुणाचल प्रदेश (2016), मणिपुर (2017), त्रिपुरा (2018), ओडिशा (2024) और बिहार (2026) में भाजपा के नए चेहरों ने मुख्यमंत्री पद संभाला।
हरियाणा से हुई शुरुआत
हरियाणा में मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व में भाजपा ने पहली बार पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता हासिल की थी। वहीं महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में भाजपा प्रदेश की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, हालांकि सरकार महायुति गठबंधन के साथ बनाई गई।
इसके बाद भाजपा ने पूर्वोत्तर में अपना विस्तार किया। 2016 में पार्टी ने असम विधानसभा चुनाव जीता, जहां सर्बानंद सोनोवाल भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बने। इसके बाद भाजपा ने असम में अगले दो विधानसभा चुनावों में भी अपनी जीत का सिलसिला बरकरार रखा, जिसमें इस वर्ष अप्रैल में हुआ विधानसभा चुनाव भी शामिल है।
2016 में अरुणाचल प्रदेश में बनाई सरकार
2016 में भाजपा ने पहली बार अरुणाचल प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई। जुलाई 2016 में कांग्रेस नेता पेमा खांडू ने राजनीतिक संकट के बीच मुख्यमंत्री पद संभाला, लेकिन सितंबर में वह कांग्रेस विधायकों के साथ भाजपा की सहयोगी पीपुल्स पार्टी आफ अरुणाचल (पीपीए) में शामिल हो गए।
खबरें और भी
इसके बाद दिसंबर 2016 में खांडू ने 33 विधायकों के साथ भाजपा का दामन थाम लिया। इससे भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिला और राज्य में पहली बार पार्टी का शासन स्थापित हुआ। हालांकि, इससे पहले 2003 में भाजपा कुछ समय के लिए गेगांग अपांग के नेतृत्व में अरुणाचल प्रदेश की सत्ता में रही थी।
अपांग ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा था, लेकिन 44 दिन बाद ही वह वापस कांग्रेस में लौट गए थे।
2017 में मणिपुर में पहली बार बनी बीजेपी सरकार
2017 में भाजपा ने पहली बार मणिपुर में भी सरकार बनाई। पार्टी ने नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी), नागा पीपुल्स फ्रंट (एनपीएफ) और अन्य क्षेत्रीय दलों के साथ गठबंधन कर एन बीरेन सिंह को मुख्यमंत्री बनाया।
2018 में भाजपा ने त्रिपुरा में दशकों पुराने वामपंथी शासन को समाप्त कर बिप्लब कुमार देब के नेतृत्व में सरकार बनाई। ओडिशा में भाजपा ने 2024 में नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली बीजू जनता दल को पराजित किया और मोहन चरण माझी के नेतृत्व में पहली बार सरकार बनाई। इससे पहले राज्य में बीजद लगातार 24 वर्षों तक सत्ता में रही थी।
बिहार में भाजपा लंबे समय से जनता दल यूनाइटेड के साथ गठबंधन सरकार का हिस्सा रही, लेकिन राज्य में पार्टी का मुख्यमंत्री नहीं बन पाया था। नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद पहली बार भाजपा नेता सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बने।
बंगाल में ऐतिहासिक जीत
वहीं, हाल में हुए बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए तृणमूल कांग्रेस के 15 वर्ष पुराने शासन को समाप्त किया। इसके साथ ही राज्य में पहली बार भाजपा सरकार बनी और सुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद संभाला। (समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)