जोधपुर में आईएसआइ हैंडलर के घर एनआईए ने छापा मारा, बैंक के दस्तावेज और बुलेट जब्त
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) आंध्रप्रदेश की टीम ने बुधवार को राजस्थान के जोधपुर में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के हैंडलर जीशान (19) के घर पर छाप ...और पढ़ें

जोधपुर में आईएसआइ हैंडलर के घर एनआईए ने छापा मारा (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
इंटरनेट मीडिया ग्रुप से युवाओं का करता था ब्रेनवॉश
बैंक के दस्तावेज और बुलेट भी जब्त
जागरण संवाददाता, जयपुर। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) आंध्रप्रदेश की टीम ने बुधवार को राजस्थान के जोधपुर में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आइएसआइ के हैंडलर जीशान (19) के घर पर छापेमारी की है।
एनआईए की टीम सुबह दस बजे जोधपुर के नई सड़क क्षेत्र में स्थित जीशन के घर पहुंची और दोपहर दो बजे तक वहां छानबीन करने के साथ ही परिवार के सदस्यों से पूछताछ की है।
अधिकारियों ने जीशान के बैंक खातों,उसके खर्च, मोबाइल और निरंतर रूप से संबंध रखने वालों के बारे में जांच पड़ताल की है। साथ ही दस्तावेज भी जब्त किए हैं। जीशान की बुलेट बाइक भी जब्त की गई है।
जानकारी के अनुसार, जीशान इंटरनेट मीडिया के माध्यम से युवाओं का ब्रेनवॉश कर आइएसआइ के लिए काम करने के लिए तैयार करता था।
जीशान को 24 मार्च को आंध्रप्रदेश एटीएस और राजस्थान पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया था। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर बुधवार को छापेमारी की गई।
जोधपुर सदर बाजार पुलिस थाना अधिकारी मानक राम बिश्नोई ने बताया कि जांच में सामने आया कि जीशान इंटरनेट मीडिया पर "बेनेक्स" नाम का व्हाट्सएप ग्रुप से वह युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा से जोड़ता था। एटीएस और पुलिस के बाद अब यह मामला एनआइए ने अपने हाथ में ले लिया है।
सूत्रों के अनुसार जांच में सामने आया कि जीशान इंटरनेट मीडिया के माध्यम से देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम देता था। उल्लेखनीय है कि पिछले एक महीने में आइएसआइ के लिए काम करने को लेकर जांच एजेंसियों ने जैसलमेर एवं अलवर से एक-एक युवक को गिरफ्तार किया है।