भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की ताजपोशी: पीएम मोदी, अमित शाह और राज्यों के मुख्यमंत्री रहेंगे मौजूद
भाजपा मुख्यालय में नितिन नवीन 19 जनवरी को अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करेंगे और 20 जनवरी को कार्यभार संभालेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अम ...और पढ़ें

नितिन नवीन। (X- @BJP4India)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। भाजपा मुख्यालय में नए अध्यक्ष नितिन नवीन के हाईप्रोफाइल ताजपोशी की तैयारी शुरू हो गई है। 19 जनवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए फार्म भरने के बाद 20 जनवरी को वे कार्यभार संभाल लेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को इसके लिए आमंत्रित किया जा रहा है।
भाजपा के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार लगभग एक साल की देरी से नियमित राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलने के बाद उनके टीम के गठन में देरी नहीं होगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद जेपी नड्डा को अपनी टीम बनाने में आठ महीने लग गए थे। लेकिन नितिन नबीन की टीम एक महीने में तैयार हो जाएगी।
टीम में नए चेहरों के साथ-साथ संगठन के अनुभवी नेताओं को भी जगह मिलेगी। माना जा रहा है कि महासचिवों में हिमाचल प्रदेश से आने वाले तेजतर्रार युवा नेता अनुराग ठाकुर को जगह मिल सकती है। इसी तरह से तमिलनाडु के लोकप्रिय युवा नेता अन्नामलई भी महासचिव बनाए जा सकते हैं।
नए महासचिवों में त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री विपल्व देब का नाम भी चर्चा में है। वहीं अनुभवी चेहरों में सुनील बंसल, विनोद तावड़े और तरूण चुग महासचिव के रूप में बने रह सकते हैं। 20 जनवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव संपन्न होने के बाद फरवरी में राष्ट्रीय परिषद की बैठक बुलाए जाने की संभावना है। भाजपा के संविधान के मुताबिक राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव पर अंतिम मुहर राष्ट्रीय परिषद में ही लगती है।