कड़कड़ाती ठंड और शीतलहर से होगी न्यू ईयर की शुरुआत, मौसम विभाग का अलर्ट
उत्तर भारत में नए साल की शुरुआत कड़ाके की ठंड और शीतलहर से होगी। मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ों पर ...और पढ़ें

नए साल की शुरुआत कड़ाके की ठंड और शीतलहर के साथ
HighLights
नए साल की शुरुआत कड़ाके की ठंड और शीतलहर से
पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ से मैदानी इलाकों में गिरेगा पारा
पंजाब से बिहार तक घना कोहरा और कोल्ड डे की चेतावनी
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। उत्तर भारत में नए वर्ष की शुरुआत कड़ाके की ठंड और शीतलहर के साथ हो सकती है। पहाड़ों पर लगातार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता का असर मैदानी इलाकों में पड़ेगा।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश के चलते अगले तीन-चार दिनों तक न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट आएगी और पंजाब से लेकर बिहार तक कई राज्यों में शीतलहर, कोल्ड डे और घने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है।
नए साल की शुरुआत कड़ाके की ठंड और शीतलहर से
दिसंबर के अंत और जनवरी की शुरुआत में बारिश के बाद ठंड और तेज होने के आसार हैं।मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर में पहाड़ों पर लगातार तीन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। एक की स्थिति अभी हिमाचल के पास है। दूसरा शनिवार को सक्रिय होगा, जबकि 30 दिसंबर को एक और पश्चिमी विक्षोभ के पहाड़ों पर पहुंचने की संभावना है।
इसके चलते जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी रहेगी। यह सिलसिला एक जनवरी तक चलता रह सकता है। पहाड़ों पर बर्फबारी का असर मैदानों में ठंडी हवाओं के रूप में देखने को मिलेगा, जिससे न्यूनतम तापमान तेजी से गिरेगा।
दिल्ली और आसपास के इलाकों में हवा की गति थोड़ी तेज है। इसके चलते दो-तीन दिनों तक मौसम साफ रहने और दिन में धूप खिलने की संभावना है, लेकिन रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। 28 दिसंबर तक सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है।
पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ से मैदानी इलाकों में गिरेगा पारा
न्यूनतम तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं। इसके बाद दिसंबर के अंत और जनवरी के पहले सप्ताह में कोहरा और घना हो सकता है। पंजाब और हरियाणा में शीतलहर के साथ घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।
कई क्षेत्रों में सुबह में ²श्यता 50 मीटर से भी कम रह सकती है। 30 दिसंबर तक इन राज्यों में कोल्ड वेव की स्थिति बनी रह सकती है। कुछ क्षेत्रों में पाला गिरने की भी आशंका जताई गई है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 29 दिसंबर तक घना कोहरा की चेतावनी है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं शनिवार तक शीतलहर की स्थिति बन सकती है। बिहार में 27 से 30 दिसंबर के बीच घना कोहरा, कोल्ड डे और शीतलहर का असर रहेगा।
रात-सुबह में ठंड अधिक सताएगी।मध्य प्रदेश के उत्तरी जिलों और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भी तापमान में गिरावट शुरू हो चुकी है। कहीं-कहीं कोहरा छाने लगा है। आने वाले दिनों में ठंड बढ़ सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।