विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विवादों के बीच NTA में लीडरशिप क्राइसिस, प्रदीप जोशी का कार्यकाल खत्म; नए चेयरमेन की तलाश तेज

Published: Tue, 08 Sep 2026 09:00 PM (IST)

नीट पेपर लीक और यूजीसी नेट विवादों के बीच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के चेयरमैन प्रदीप कुमार जोशी का कार्यकाल समाप्त हो गया है।

NTA में नए चेयरमैन की तलाश तेज

NTA में नए चेयरमैन की तलाश तेज

HighLights

  1. एनटीए चेयरमैन प्रदीप जोशी का कार्यकाल समाप्त, पद रिक्त

  2. नीट पेपर लीक विवादों के बीच नेतृत्व संकट गहराया

  3. नए चेयरमैन की तलाश तेज, गवर्निंग बॉडी पुनर्गठन पर विचार

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। नीट पेपर लीक व यूजीसी नेट में गड़बड़ियों को लेकर विवादों में घिरी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के सामने अब चेयरमैन का भी संकट खड़ा हो गया है।

अब तक इस पर रहे प्रदीप कुमार जोशी का कार्यकाल खत्म हो गया है। इसके साथ ही एनटीए ने इस पद को रिक्त घोषित कर दिया है। ऐसे में अब उसके लिए नए चेयरमैन की भी तलाश तेज हो गई है।

NTA चेयरमैन प्रदीप जोशी का कार्यकाल खत्म

एनटीए में सुधारों को लेकर चल रहे कामों को देखते हुए माना जा रहा है कि जल्द ही इस पद पर किसी की नियुक्ति हो जाएगी।फिलहाल एनटीए के चेयरमैन के लिए जो पात्रता है, उनमें किसी प्रतिष्ठित शिक्षाविद या प्रशासनिक अनुभव रखने वाले किसी वरिष्ठ अधिकारी की ही नियुक्ति हो सकती है।

इनमें यूपीएससी या राज्यों की पीएससी के चेयरमैन भी हो सकते है। एनटीए के चेयरमैन रहे प्रदीप कुमार जोशी इस पद पर अगस्त 2023 से थे। हालांकि इस बीच उनके नाम की सबसे अधिक चर्चा नीट-यूजी पेपर लीक की घटना के बाद हुई।

इस मामले में संसदीय समिति ने भी उन्हें तलब किया था। इस दौरान एनटीए में सुधार को लेकर किए राधाकृष्णन समिति की सिफारिशों को लागू करने में देरी को लेकर भी सवाल किए गए थे। एनटीए चेयरमैन का कार्यकाल तीन साल के लिए होता है।

NTA की गर्वनिंग बॉडी में कौन-कौन?

मंत्रालय से जुड़े सूत्रों की मानें तो एनटीए के लिए नए चेयरमैन की तलाश के साथ ही एनटीए की गर्वनिंग बॉडी को भी नए सिरे से गठित करने की भी चर्चा है। इनमें मौजूदा समय में चेयरमैन सहित कुल 14 सदस्य है। जिसमें एक पद महानिदेशक का भी है।

इसके साथ ही इनमें आईआईटी के तीन निदेशक (जेईई एडवांस कराने वाले मौजूदा, पिछले और अगले आईआईटी से) , एनआईटी के दो निदेशक ( सेंट्रल सीट एलोकेशन बोर्ड के मौजूदा व पिछले), आईआईएम के दो निदेशक के साथ, एक केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति (रोटेशन के आधार पर), इंदिरा गांधी मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति, नैक के निदेशक, आयसर निदेशक व डा हरीश शेट्टी, मनोरोग विशेषज्ञ शामिल है।

अब तक नीट-यूजी, जेईई जैसी परीक्षाओं को कराने वाले एनटीए के जिम्मे अब राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई ) की एनसीईटी परीक्षा, विश्वविद्यालयों में प्रवेश से जुड़ी सीयूईटी जैसी परीक्षाएं भी है। ऐसे में इन क्षेत्रों के विशेषज्ञों के साथ ही एनटीए के परीक्षा पैटर्न में जिस तरह से बदलाव हो रहा है, उनमें तकनीकी विशेषज्ञों को रखने की चर्चा है।