यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 02, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
हमारा देश भारत है, 'INDIA' नाम का उपयोग बंद करना होगा: RSS प्रमुख मोहन भागवत
भागवत ने कहा कि. हमें अपने देश को भारत कहना होगा और दूसरों को भी समझाना होगा। एकता की शक्ति पर जोर देते हुए भागवत ने कहा कि भारत एक ऐसा देश है जो सभी ...और पढ़ें

गुवाहाटी, प्रेट्र: आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने शुक्रवार को कहा कि देश के लिए इंडिया की जगह भारत नाम का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से यह आदत डालने का आग्रह किया। कहा कि भारत नाम प्राचीन काल से चला आ रहा है और इसे आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
भागवत ने सकल जैन समाज के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, हमारे देश का नाम सदियों से भारत रहा है। भाषा कोई भी हो, नाम एक ही रहता है। हमारा देश भारत है। हमें इंडिया नाम का उपयोग बंद करना होगा और सभी व्यावहारिक क्षेत्रों में भारत का उपयोग करना होगा। तभी परिवर्तन आएगा।
हमें अपने देश को भारत कहना होगा और दूसरों को भी समझाना होगा। एकता की शक्ति पर जोर देते हुए भागवत ने कहा कि भारत एक ऐसा देश है, जो सभी को एकजुट करता है। आज दुनिया को हमारी जरूरत है। हमारे बिना दुनिया नहीं चल सकती। हमने योग के माध्यम से दुनिया को जोड़ा है।
उन्होंने दावा किया कि अंग्रेजों ने भारतीय शिक्षा प्रणाली को बदल दिया था। नई शिक्षा नीति बच्चों में देशभक्ति की भावना बढ़ाने का एक प्रयास है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपरा और पारिवारिक मूल्यों से अवगत कराने का भी आग्रह किया।