यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 16, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सर्जिकल स्ट्राइक का असर, PIA ने कराची से मुंबई-दिल्ली की उड़ानों में कटौती की
उड़ी हमला और सर्जिकल स्ट्राइक का असर पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस की उड़ानों पर भी देखा जा रहा है।

नई दिल्ली(जेएनएन)। उड़ी हमला और सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (PIA) ने कराची से दिल्ली,मुंबई की फ्लाइट में कटौती की है। यात्रियों की संख्या कमी की वजह से PIA ने ऐसा कदम उठाया है।
PIA की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया, 'लाहौर-दिल्ली की फ्लाइट सामान्य रूप से चल रही हैं। लेकिन पिछले तीन-चार हफ्तों से यात्रियों की कमी के चलते कराची-दिल्ली और कराची-मुंबई की कुछ फ्लाइट रद्द की गई हैं। एयरलाइंस के अधिकारियों का कहना है कि जिन यात्रियों ने पहले से टिकट करा रखा था उन्हें या तो PIA की दूसरी फ्लाइट से भेजा जाएगा या दूसरी एयरलाइंस से सुविधा दी जाएगी।
ब्रिक्स सम्मेलनः आतंक के खिलाफ भारत को चीन व रूस का मिला साथ
PIA ने कहा है कि अगर यात्रियों को रिजर्वेशन में दिक्कत आ रही है तो वे PIA के दिल्ली या मुंबई ऑफिस में संपर्क कर सकते हैं। भारत से किसी भी एयरलाइंस का विमान पाकिस्तान नहीं जा रहा है। ऐसे में केवल PIA की फ्लाइट ही हैं। शनिवार को लिए गए निर्णय से पहले PIA की तरफ से भारत जाने के लिए 5 फ्लाइट थीं। इनमें दिल्ली-कराची रूट पर एक फ्लाइट के अलावा दिल्ली-लाहौर और मुंबई-कराची के लिए 2-2 फ्लाइट थीं।
पाकिस्तान ने अपने एयरस्पेस से फ्लाइट की उड़ानों को प्रतिबंधित कर रखा है। ऐसे में विदेश जाने वाली भारतीय एयरलाइंस जैसे एयर इंडिया, जेट, इंडिगो और स्पाइस जेट ने अपनी कुछ फ्लाइट्स का रूट चेंज किया है। उड़ी हमले के बाद पीएमओ ने भी दोनों देशों के बीच उड़ान के समझौते को लेकर जानकारी मांगी है। भारत इसपर विचार कर रहा है कि क्या उड़ान जारी रखनी चाहिए। हालांकि अबतक इसपर कोई फैसला नहीं हुआ है। एक-दूसरे के एयरस्पेस का इस्तेमाल दोनों देशों के लिए अहम मसला है।
मध्य, उत्तर और पूर्वी भारत से गल्फ, यूरोप और नॉर्थ अमेरिका की उड़ान भरने वाली लगभग सभी फ्लाइट पाकिस्तान के ऊपर से जाती हैं। ठीक इसी तरह PIA की दक्षिण-पूर्व एशिया और बांग्लादेश जाने वाली फ्लाइट भारत के एयरस्पेस से जाती हैं।

