Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 14, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    'स्पेस जगत का नया अध्याय', चंद्रयान-3 के लॉन्च पर PM Modi और राष्ट्रपति मुर्मू ने किया ट्वीट; बताया गर्व का पल

    By Shalini KumariEdited By: Shalini Kumari
    Updated: Fri, 14 Jul 2023 04:18 PM (IST)

    चंद्रयान-3 मिशन के सफल लॉन्च पर पीएम मोदी ने सभी देशवासियों को बधाई देते हुए इसे भारत के लिए स्पेस जगत का एक नया अध्याय बताया है। प्रधानमंत्री मोदी के ...और पढ़ें

    चंद्रयान-3 के सफल लॉन्च पर पीएम मोदी ने किया ट्वीट
    चंद्रयान-3 के सफल लॉन्च पर पीएम मोदी ने किया ट्वीट

    नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से तीसरे चंद्रयान-3 को 14 जुलाई, 2023 को दो बजकर 35 मिनट पर लॉन्च कर दिया है। इस मौके पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करते हुए देशवासियों को बधाई दी।

    स्पेस जगत का नया अध्याय

    इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुशी जताते हुए इसे स्पेस जगत का एक नया अध्याय बताया। पीएम मोदी ने कहा, "चंद्रयान-3 ने भारत की अंतरिक्ष यात्रा में एक नया अध्याय लिखा। यह हर भारतीय के सपनों और महत्वाकांक्षाओं को ऊपर उठाते हुए ऊंची उड़ान भर रहा है। यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हमारे वैज्ञानिकों के अथक समर्पण का प्रमाण है। मैं उनकी भावना और प्रतिभा को सलाम करता हूं!"

    राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा मील का पत्थर

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस पल को मील का पत्थर बताते हुए ट्वीट किया, "भारत ने अंतरिक्ष अन्वेषण में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित करते हुए चंद्रयान-3 का सफलतापूर्वक प्रक्षेपण किया। @ISRO टीम और वे सभी लोग जिन्होंने इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए अथक परिश्रम किया उन सभी को बधाई! यह अंतरिक्ष विज्ञान और प्रौद्योगिकी में प्रगति के प्रति देश की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। चंद्र मिशन की सफलता के लिए मेरी शुभकामनाएं।"

    उप राष्ट्रपति ने ट्वीट में कहा, "चंद्रयान-3 के ऐतिहासिक प्रक्षेपण के लिए #ISRO की टीम को बधाई! यह असाधारण उपलब्धि देश द्वारा अंतरिक्ष विज्ञान और अनुसंधान में की गई प्रगति को उजागर करती है। भारत की शानदार अंतरिक्ष यात्रा में यह मील का पत्थर हर भारतीय को गौरवान्वित करता है!"

    गृह मंत्री शाह ने शेयर किया वीडियो

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने ट्विटर हैंडल पर इस पल का वीडियो शेयर करते हुए पोस्ट में लिखा, "भारत ने आज चंद्रयान-3 के सफल प्रक्षेपण के साथ अपनी ऐतिहासिक अंतरिक्ष यात्रा शुरू की। @ISRO के वैज्ञानिक जिनकी अथक खोज ने आज भारत को पीढ़ियों के लिए एक उल्लेखनीय अंतरिक्ष यात्रा की पटकथा लिखने की राह पर आगे बढ़ाया है, उनको मेरी ओर से हार्दिक बधाई।"

    इसरो के चीफ क्या बोले?

    इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने सफल लॉन्च के बाद कहा कि चंद्रयान-3 ने चंद्रमा की तरफ अपनी यात्रा शुरू कर दी है। एलवीएम-3एम4 रॉकेट ने ‘चंद्रयान-3’ को सटीक कक्षा में स्थापित कर दिया है।