विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 14, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पीएम मोदी ने क्षेत्रीय भाषाओं में दी कई त्‍योहारों की बधाई

By Jagran News NetworkEdited By:
Updated: Wed, 14 Jan 2015 12:42 PM (IST)

प्रधानमंत्री नरेंद्र् मोदी ने देश के विभिन्न हिस्सों में विभिन्न त्योहारों के अवसर पर राष्ट्र को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस विविधता पर हमें गर्व है। इसके लिए उन्‍होंने क्षेत्रीय भाषाओं का प्रयोग किया।

News Article Hero Image

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र् मोदी ने देश के विभिन्न हिस्सों में विभिन्न त्योहारों के अवसर पर राष्ट्र को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस विविधता पर हमें गर्व है। पीएम ने देशवासियों को मकर संक्रांति के साथ अन्य त्योहारों की बधाई सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर और फेसबुक पर दी।

मोदी ने कहा कि यह भारत की विविधता का जश्न है, जिस पर हमें गर्व है। प्रधानमंत्री ने ट्विटर पर अपने संदेश में लिखा, मैं आज देशभर में मनाए जा रहे विभिन्न त्योहारों पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। मकर संक्रांति पर बधाई देते हुए उन्होंने लिखा, आप सभी को मकर संक्रांति की हार्दिक शुभकामनाएं।

14 जनवरी को देशभर में मकर संक्रांति, असम में बिहू, तमिलनाडु में पोगल, गुजरात में उत्तरायण, आंध्र प्रदेश में भोगी मनाया जा रहा है और प्रधानमंत्री ने सभी त्योहारों का उल्लेख करते हुए देशवासियों को इसकी शुभकामनाएं दी। उन्होंने तमिल, तेलुगू, असमिया, गुजराती और हिंदी में ट्वीट कर पोंगल, बोघी, माघ बिहू, उत्तरायन और मकर संक्रांति की बधाई दी।

मोदी ने गुजरात के लोगों को अपने संदेश में लिखा, "उत्तरायण की शुभकामनाएं। आसमान रंगबिरंगे पतंगों से भरा हुआ है, जिसे देखना सुखद है। परिवार और दोस्तों के साथ अच्छा वक्त बिताएं।"

पोंगल की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने लिखा, "तमिलनाडु की जनता को पोंगल की शुभकामनाएं। परिश्रमी किसानों के लिए अच्छे फसल के मौसम की कामना करता हूं। यह आपकी जिंदगी में और समृद्धि लाए।"

उन्होंने भोगी पर लोगों को शुभकामनाएं दी और कहा यह खास दिन लोगों की जिंदगी में खुशी लाए और आने वाले दिन को रौशन और बेहतर बनाए।

प्रधानमंत्री ने बिहू पर असम की जनता को शुभकामनाएं दी। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, "माघ बिहू के शुभ अवसर पर मैं असम की जनता को शुभकामनाएं देता हूं। इस त्योहार पर लोगों को खुशियां और अच्छी सेहत मिले।"

पढ़ें - मकर संक्रांति: क्यों और क्या है इसकी महत्ता

पढ़ें - पानी पहुंचा प्रयाग, उमड़े श्रद्धालु दो दिन लेंगे संक्रांति का पुण्य