वैश्विक पटल पर बढ़ता भारत: पीएम मोदी बोले- 'पूरी दुनिया अब भारत को मान रही विकास और उम्मीद का देश'
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि सभी क्षेत्रों में सुधार उनकी सरकार की प्रतिबद्धता है और भारत विकास की गति को बनाए रखने के लिए कई कदम उठा रहा है।

भारत में राजनीतिक स्थिरता; दुनिया मान रही विकास और उम्मीद का देश : मोदी (फोटो- पीटीआई)
HighLights
कहा, आईएमएफ का अनुमान है भारत बना रहेगा सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था
भारत अब "जब तक प्रतिबंधित न हो, तब तक अनुमति' वाले मॉडल की ओर बढ़ रहा
पहले बिना अनुमति कोई देश का नक्शा नहीं बना सकता था, सरकार ने यह व्यवस्था बदली
पीटीआई, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि सभी क्षेत्रों में सुधार उनकी सरकार की प्रतिबद्धता है और भारत विकास की गति को बनाए रखने के लिए कई कदम उठा रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत में राजनीतिक स्थिरता व नीतियों में निरंतरता है और दुनिया देश को विकास व उम्मीद के एक उज्ज्वल स्थान के तौर पर देखती है।
एक अंग्रेजी समाचार पत्र के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि विकास को लेकर कई चिंताएं हैं और इस दौर में दुनिया ने संसाधनों के हथियार के तौर पर इस्तेमाल का बहुत गंभीर रूप देखा है।
आगे कहा कि अविश्वास का यह माहौल दुनिया के सामने कई नई चुनौतियां पेश कर रहा है। ऐसे समय में भी दुनिया भारत को विकास और उम्मीद की एक उज्ज्वल स्थान के तौर पर देख रही है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आइएमएफ) का अनुमान है कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली बड़ी अर्थव्यवस्था बना रहेगा।
उन्होंने कहा कि भारत वैश्विक स्तर पर अपनी स्थिति और मजबूत करेगा और वह इसे सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राजग सरकार के पास सुधारों के लिए एक स्पष्ट रोडमैप है, जिसमें गवर्नेंस पर खास ध्यान दिया गया है। सरकार अधिक उत्पादन करने पर प्रोत्साहन दे रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों की नीति लोगों को अभाव में रखने की थी, ताकि वे अपनी बुनियादी जरूरतों के लिए भी सरकार के सामने गिड़गिड़ाएं। पिछली सरकारों के लाइसेंस राज से बेरोजगारी का बोझ बढ़ता था, जबकि उनकी सरकार का 'प्रोडक्शन-लिंक्ड इंसेंटिव' (उत्पादन से जुड़ा प्रोत्साहन) मॉडल नए अवसर पैदा कर रहा है। भारत अब पिछली सरकारों के प्रोडक्शन-लिंक्ड पनिशमेंट माडल से प्रोडक्शन-लिंक्ड इंसेंटिव माडल की ओर बढ़ गया है।
पीएम मोदी ने कहा, "हम सिर्फ नियम नहीं बदल रहे हैं, हम नियमों की पूरी नीति ही बदल रहे हैं। हमारी सरकार का मानना है कि किसी ऐसे काम के लिए कोई नियम नहीं होना चाहिए जिस पर कानून के तहत साफ तौर पर रोक न लगाई गई हो। हमारी सरकार नीतिगत स्तर पर अगली पीढ़ी के सुधार ला रही है और गवर्नेंस के स्तर पर व जीवन की सुगमता के लिए सुधार लागू कर रही है।"
उन्होंने कहा कि हम "जब तक अनुमति न हो, तब तक प्रतिबंधित" वाले नजरिये से हटकर "जब तक प्रतिबंधित न हो, तब तक अनुमति' वाले मॉडल की ओर बढ़ रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले कोई भी बिना अनुमति के भारत का नक्शा नहीं बना सकता था, भले ही विदेशी सेटेलाइट भारत का नक्शा बना सकते थे, लेकिन उनकी सरकार ने इस व्यवस्था को बदल दिया है। सरकार ने तय किया है कि सीमा पर बुनियादी ढांचा भारत की ताकत है, कमजोरी नहीं। उनकी सरकार ने सीमा पर बुनियादी ढांचे की तस्वीर बदल दी है।
उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे, दिल्ली मेट्रो और नमो रैपिड रेल में हुए छोटे-छोटे सुधार भी दिखाते हैं कि देश समय के साथ बदल रहा है। दुनिया का सबसे सस्ता डाटा भारत में मिलता है और देश सबसे सस्ते व बेहतरीन मोबाइल फोन बना रहा है।
उन्होंने कहा कि जो लोग आज 'मेक इन इंडिया' और 'आत्मनिर्भर भारत' का मजाक उड़ाते हैं, वे अपने पूर्ववर्तियों की उस सोच को आगे बढ़ा रहे हैं। इस नजरिये के पीछे एक खास तरह की विकृत सोच थी।
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में दुनिया ने कई उतार-चढ़ाव देखे हैं और इन अनुभवों ने एक बात स्पष्ट कर दी है, चाहे कोई इसे पसंद करे या न करे, हर देश का भविष्य दूसरे देशों के भविष्य से जुड़ा हुआ है।
