विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 05, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दिल्ली में चुनाव प्रचार थमा, मतदान कल, परिणाम 10 को

By Bhupendra SinghEdited By:
Published: Thu, 05 Feb 2015 11:38 PM (GMT+05:30)Updated: Thu, 05 Feb 2015 11:53 PM (GMT+05:30)

दिल्ली में किला फतह करने के लिए गुरुवार को चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सभी दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। ताबड़तोड़ रैलियों से लेकर रोड शो तक हुए।

News Article Hero Image

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली । दिल्ली में किला फतह करने के लिए गुरुवार को चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सभी दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। ताबड़तोड़ रैलियों से लेकर रोड शो तक हुए। इस दौरान भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल सहित करीब दो सौ सियासी सूरमाओं ने अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में वोट मांगे। बहरहाल, पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण माने जा रहे इस चुनाव के लिए प्रचार गुरुवार शाम थम गया। अब शुक्रवार का एक दिन बचा है, जिसमें प्रत्याशी घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे। छठी विधानसभा के लिए चुनाव की इस घड़ी में अब वे ही असली माई-बाप हैं। शनिवार को करीब 1 करोड़, 33 लाख मतदाता 673 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे। परिणाम 10 फरवरी को आएंगे।

शाह के नेतृत्व में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन

चुनाव प्रचार के अंतिम दिन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह व अन्य बड़े नेताओं ने सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार कर मतदाताओं से जिताने की अपील की। शाह ने ओखला विधानसभा क्षेत्र में जनसभा की। वहीं, भाजपा के कई केंद्रीय मंत्रियों के साथ ही 120 सांसदों और अन्य नेताओं ने भी चुनाव प्रचार किया। मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार किरण बेदी भी सुबह से शाम छह बजे तक चुनाव प्रचार में व्यस्त रहीं। उन्होंने कृष्णानगर में रोड शो करने के साथ ही उत्तर पश्चिमी दिल्ली के तीन विधानसभा सीटों पर भी चुनावी सभाएं कीं।

शत्रुघ्न को आप में दिखा दमखम

नई दिल्ली। फिल्मों में अपनी अभिनय शैली से साथी कलाकारों को 'खामोश' करने वाले अभिनेता और सांसद शत्रुघ्न सिन्हा के एक बयान ने उनकी ही पार्टी को 'खामोश' कर दिया है। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सिन्हा ने केजरीवाल की तारीफ करते हुए उन्हें अच्छा और योग्य व्यक्ति करार दिया। यही नहीं, उन्होंने कहा कि चुनाव में भाजपा को आप टक्कर देती दिख रही है।

आप की पदयात्रा

प्रचार के आखिरी दिन आम आदमी पार्टी (आप) संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत सभी उम्मीदवारों ने अपने विधान सभा क्षेत्र में प्रचार किया। केजरीवाल ने अपनी पदयात्रा कालीबाड़ी एच ब्लॉक से शुरू की। इसके बाद पहाड़गंज, कनॉट प्लेस, लेडी हार्डिग रोड, कालीबाड़ी, साउथ व नार्थ एवन्यू में जनसंपर्क किया।

राहुल ने किया रोड शो

चुनाव प्रचार के अंतिम दिन कांग्रेस ने भी अपनी पूरी ताकत झोंक दी। पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने सुल्तानपुर माजरा में रोड शो किया। इस दौरान खुले ट्रक पर सवार राहुल के साथ कार्यकर्ताओं का हुजूम भी सड़कों पर निकला। इलाके में जहां से भी राहुल का काफिला गुजरा, लोग साथ होते चले गए।

1500 से ज्यादा सभाएं हुईं

प्रचार के दौर में 1500 से ज्यादा छोटी-बड़ी सभाएं हुईं। प्रचार के अंतिम दिन जहां भाजपा ने करीब सौ सभाएं व रोड शो किए, तो भाजपा ने भी प्रचार क्षेत्र में उसे कड़ी टक्कर देते हुए करीब 100 छोटे-मझोले आयोजन किए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।