'अब अंडरग्राउंड होने का समय', राहुल के मंच पर PM मोदी की मिमिक्री करने वाले कॉमेडियन के शो रद; लगातार मिल रहीं धमकियां
इंदौर में राहुल गांधी के कार्यक्रम में पीएम मोदी की मिमिक्री करने वाले स्टैंड-अप कॉमेडियन पुलकित मणि ने विवादों के ...और पढ़ें

पीएम मोदी की मिमिक्री विवाद के बाद कॉमेडियन पुलकित मणि के शो रद

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इंदौर में आयोजित राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री करने वाले स्टैंड-अप कॉमेडियन और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर पुलकित मणि विवादों में घिर गए हैं।
इस घटनाक्रम के बाद पुलकित ने नोएडा में होने वाले अपने आगामी कॉमेडी शो को अचानक रद कर दिया है।
पुलकित मणि ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट (@hunnywhoisfunny) पर स्टोरी शेयर कर शो के रद्द होने की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि कुछ अप्रत्याशित और आकस्मिक कारणों की वजह से उन्हें अपना नोएडा शो कैंसिल करना पड़ रहा है।
वहीं उन्होंने एक अन्य स्टोरी में लिखा कि गुंडा किस्म के लोगों की लगातार धमकियों के कारण लखनऊ और कानपुर में मेरे शो रद कर दिए गए हैं।
इस दौरान उन्होंने दर्शकों को हुई असुविधा के लिए खेद जताते हुए माफी मांगी और उनके सहयोग व समर्थन के लिए आभार जताया। साथ ही एक स्टोरी में उन्होंने मीम लगाते हुए लिखा है, अब अंडरग्राउंड होने का समय आ गया है।
इंदौर के मंच पर राहुल गांधी के साथ की थी मिमिक्री
दरअसल, बीते शनिवार को इंदौर में आयोजित छात्रों के संवाद कार्यक्रम में पुलकित मणि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ मंच साझा करते नजर आए थे। इस दौरान उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी के बोलने के तरीके, कूटनीति, विदेशी नेताओं के साथ मुलाकातों और रैलियों के अंदाज पर राजनीतिक व्यंग्य करते हुए मजाक उड़ाया था।
मंच पर जब राहुल गांधी ने उनसे बातचीत की, तो पुलकित ने पीएम मोदी की आवाज की नकल उतारते हुए हाल ही में एक रैली के दौरान एक बुजुर्ग महिला को कुर्सी देने वाली घटना का जिक्र किया और कहा, मां को कुर्सी दो।
इसके अलावा, उन्होंने सिर पर सिक्का चिपकाकर भी मिमिक्री की। इस पूरे एक्ट के दौरान मंच पर मौजूद राहुल गांधी को हंसते और प्रतिक्रिया देते देखा गया।
बीजेपी ने साधा निशाना
इस मिमिक्री वीडियो के सामने आने के बाद भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी नेताओं ने इसे प्रधानमंत्री और उनकी दिवंगत मां का अपमान करार दिया है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सी.आर. केसवन ने इस कृत्य को भद्दा और अशोभनीय बताते हुए कहा कि यह व्यवहार पूरी तरह से अस्वीकार्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि मिमिक्री के बहाने महिलाओं और बुजुर्गों का अपमान किया गया है।
केसवन ने यह भी कहा कि जब यह सब हो रहा था, तब राहुल गांधी मंच पर बैठकर हंस रहे थे। बीजेपी ने इस मामले में राहुल गांधी से सार्वजनिक तौर पर माफी मांगने की मांग की है। दूसरी ओर, कांग्रेस ने इस विवाद पर बचाव करते हुए इसे केवल एक साधारण हास्य-व्यंग्य और राजनीतिक मिमिक्री बताया है।
भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने भी इस मुद्दे पर राहुल गांधी को घेरा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने मां अहिल्याबाई की धरती से करोड़ों माताओं का अपमान किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दूसरे राजनीतिक नेताओं के परिवार और उनकी माताओं के प्रति भी सम्मान का भाव रखते हैं। रामेश्वर शर्मा ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद पर रहते हुए राहुल गांधी को यह सोचना चाहिए कि वे देश की राजनीति को किस दिशा में ले जाना चाहते हैं।
सोशल मीडिया पर लोकप्रिय हैं पुलकित मणि
उल्लेखनीय है कि पुलकित मणि स्टैंड-अप कॉमेडी के साथ-साथ एक जाने-माने सोशल मीडिया क्रिएटर हैं। वे अक्सर राजनीतिक हस्तियों, प्रसिद्ध शख्सियतों और समसामयिक मुद्दों पर अपने व्यंग्य के जरिए वीडियो बनाते हैं। इंस्टाग्राम पर उनकी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग है।
