नौ करोड़ के चेक बाउंस मामले में राजपाल यादव तिहाड़ में, मदद को हस्तियों ने बढ़ाए हाथ
नौ करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव तिहाड़ जेल में हैं। उनकी होम प्रोडक्शन फिल्म फ्लॉप होने के बाद आर्थिक तंगी हुई। सोनू ...और पढ़ें

नौ करोड़ के चेक बाउंस मामले में राजपाल यादव तिहाड़ में बंद।
HighLights
राजपाल यादव नौ करोड़ चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में।
सोनू सूद ने अगली फिल्म में साइन कर आर्थिक मदद की।
इंद्रजीत सिंह, तेज प्रताप यादव ने भी वित्तीय सहायता दी।
जागरण न्यूज, नई दिल्ली। अपने होम प्रोडक्शन की फिल्म फ्लॉप होने के बाद आर्थिक तंगी के चलते नौ करोड़ के चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में बंद बॉलीवुड अभिनेता और मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव की मदद को अभिनेता सोनू सूद, जैम म्यूजिक के प्रोड्यूसर इंद्रजीत सिंह, राजनीतिज्ञ तेज प्रताप यादव समेत कई हस्तियों ने हाथ बढ़ाए हैं।
अभिनेता सोनू सूद ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि वह राजपाल यादव को अपनी अगली फिल्म के लिए साइन कर रहे हैं और साइनिंग राशि को मदद के तौर पर दे रहे हैं। यह आगे मेहनताने में समायोजित हो जाएगी। सूद ने फिल्म निर्माता, निर्देशक, सहयोगियों तथा अन्य लोगों से भी अभिनेता की मदद के लिए आगे आने का अनुरोध किया।
सूद ने लिखा- "राजपाल यादव एक प्रतिभाशाली अभिनेता हैं और उन्होंने हमारे उद्योग को वर्षों तक अविस्मरणीय काम दिया है। कभी-कभी समय खराब आता है, यह जीवन का हिस्सा है। हमें उनके साथ खड़ा होना चाहिए।"
जैम म्यूजिक के प्रोड्यूसर इंद्रजीत सिंह ने राजपाल यादव को एक करोड़ 11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
उन्होंने एक्स पर लिखा, 'इंटरनेट मीडिया के माध्यम से हमें राजपाल यादव की पीड़ा के बारे में जानकारी मिली। यह जानकर मन बेहद व्यथित हुआ। राजपाल न केवल एक महान कलाकार हैं, बल्कि एक अच्छे और सच्चे इंसान भी हैं। इस कठिन और दुख की घड़ी में हम सभी का कर्तव्य बनता है कि हम मानवता के नाते उनके और उनके परिवार के साथ खड़े हों।'
राजनीतिज्ञ लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जन शक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने राजपाल यादव और उनके परिवार को 11 लाख रुपये की वित्तीय सहायता की घोषणा की। यादव ने एक्स पर लिखा मेरी पार्टी की सहानुभूति राजपाल यादव के साथ है और एकजुटता से उनके साथ खड़ी है।
टीवी कलाकार गुरमीत चौधरी ने कहा कि वह एक वरिष्ठ और अत्यधिक प्रतिभाशाली अभिनेता राजपाल यादव को इस दर्दनाक दौर से गुजरते देखकर दिल टूट गया है।
उन्होंने लिखा- "राजपाल यादव ने हमें अनगिनत मुस्कानें, हंसी और अविस्मरणीय क्षण दिए हैं। आज, उन्हें हमारी जरूरत है। एक साथी अभिनेता और एक इंसान के रूप में मैं मदद के लिए आगे आ रहा हूं, जितना भी मैं कर सकता हूं करूंगा। मैं सभी निर्माताओं, निर्देशकों और हमारे फिल्म बिरादरी के सदस्यों से विनम्रता से अनुरोध करता हूं कि वह अभिनेता की मदद करें।"
खबरें और भी
2010 में 'अता पता लापता' फिल्म बनाने को लिए थे पांच करोड़ उधार
मुझसे शादी करोगी", "वक्त", "फिर हेरा फेरी", "पार्टनर", "भूल भुलैया", "हंगामा" और "चुप चुप के" जैसे फिल्मों में अपनी अदाकारी का जलवा बिखेरने वाले अभिनेता राजपाल यादव ने साल 2010 में 'अता पता लापता' फिल्म बनाने के लिए मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से पांच करोड़ रुपये उधार लिए थे। फिल्म बुरी तरह फ्लॉप होने से राजपाल को बड़ा नुकसान हुआ और वह यह पैसा लौटा नहीं पाए।
अभिनेता ने जो सात चेक दिए हुए थे, वह भी बाउंस हो गए। इसके बाद पैसा देने वाली फर्म ने राजपाल के खिलाफ चेक बाउंस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू की। इसके चलते 2018 में उन्हें जेल जाना पड़ा था। अदालत ने उन्हें छह महीने की सजा सुनाई। वह जमानत पर बाहर तो आ गए, मगर केस चलता रहा। इस दौरान लोन की रकम भी ब्याज सहित नौ करोड़ रुपये तक जा पहुंची।
बीते दो फरवरी को दिल्ली हाई कोर्ट ने उन्हें और राहत देने से इनकार करते हुए जमानत याचिका खारिज कर दी। बृहस्पतिवार को मामले पर सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति स्वर्ण कांता शर्मा की पीठ ने कहा था कि अभिनेता के बैकग्राउंड या इंडस्ट्री की वजह से कोई खास व्यवस्था बनाने की उम्मीद नहीं की जा सकती। कोर्ट ने अभिनेता को चार फरवरी तक तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण करने को कहा।
अदालत ने कहा कि चार फरवरी को आत्मसमर्पण करने के कोर्ट के आदेश के बावजूद ऐसा न करना कानून के प्रति उनके कम सम्मान को दिखाता है। इस पर पांच फरवरी को अभिनेता ने तिहाड़ पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। बता दें कि जेल में आत्मसमर्पण से पहले राजपाल यादव ने कहा था कि मेरे पास बकाया राशि चुकाने के लिए न तो पैसे थे और न ही कोई अन्य साधन। फिल्म उद्योग में हर कोई अपने में है।