'सावरकर नहीं करते थे मुसलमानों से नफरत, राहुल ने बदनाम किया', सात्यकि सावरकर ने लगाए छवि बिगाड़ने के आरोप
वीर सावरकर के परपोते सात्यकि सावरकर ने एक विशेष अदालत को बताया कि हिंदुत्व विचारक कभी मुसलमानों से नफरत नहीं करते थे।

'सावरकर नहीं करते थे मुसलमानों से नफरत', सात्यकि सावरकर ने लगाए छवि बिगाड़ने के आरोप
HighLights
कहा, सावरकर ने अपनी लेखनी में बताए थे उनकी तरक्की के रास्ते और उपाय
सात्यकि ने दायर किया है राहुल गांधी के खिलाफ आपराधिक मानहानि का मामला
पीटीआई, पुणे। वीर सावरकर के परपोते सात्यकि सावरकर ने एक विशेष अदालत को बताया कि हिंदुत्व विचारक कभी मुसलमानों से नफरत नहीं करते थे। उनकी लेखनी में मुसलमानों की तरक्की के रास्ते बताए गए थे, लेकिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ऐसे बयान दिए जिसमें उन्हें मुसलमानों का कट्टर विरोधी दिखाया गया।
उन्होंने यह बयान वकील मिलिंद पवार द्वारा की जा रही जिरह के दौरान दिया। यह मामला कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा 2023 में लंदन में दिए गए कथित बयानों से जुड़े मानहानि के केस से संबंधित है।
जिरह के दौरान वकील ने सात्यकि से राहुल गांधी के उस भाषण के सटीक शब्द बताने को कहा जिससे सावरकर की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचती है।
सात्यकि सावरकर ने राहुल गांधी के उस बयान का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि सावरकर ने एक किताब लिखी थी। इसमें उन्होंने बताया है कि वह और उनके पांच-छह दोस्तों ने एक मुस्लिम युवक के साथ मारपीट की थी। इस काम से उन्हें मजा आया था।
उन्होंने कहा कि राहुल ने वीर सावरकर को मुसलमानों का कट्टर विरोधी और भीड़ द्वारा हिंसा करने वाला बताया।
सावरकर कभी मुसलमानों से नफरत नहीं करते थे बल्कि, उन्होंने अपनी लेखनी में उनकी तरक्की के रास्ते और उपाय बताए थे। राहुल गांधी के खिलाफ आपराधिक मानहानि का मामला सात्यकि ने दायर किया है।
उनका आरोप है कि कांग्रेस नेता ने झूठा दावा किया था कि वीर सावरकर ने अपनी एक किताब में लिखा है कि कैसे उन्होंने और उनके दोस्तों ने एक मुस्लिम युवक पर हमला किया था और इस काम से उन्हें मजा आया था। शिकायतकर्ता का कहना है कि सावरकर की किसी भी रचना में ऐसी कोई घटना नहीं मिलती।
