विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोपाल में पूर्व आईएएस अधिकारी के हत्यारोपित की दिल्ली-पंजाब रूट पर तलाश; पुलिस की कई टीमें रवाना

Published: Sat, 03 Oct 2026 02:00 AM (IST)

सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की भोपाल स्थित मकान में बुधवार तड़के गला रेतकर हत्या करने का आरोपित केयरटेकर वरुण ...और पढ़ें

भोपाल में पूर्व आईएएस अधिकारी के हत्यारोपित की दिल्ली-पंजाब रूट पर तलाश (सांकेतिक तस्वीर)

भोपाल में पूर्व आईएएस अधिकारी के हत्यारोपित की दिल्ली-पंजाब रूट पर तलाश (सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. आगरा-मथुरा रूट पर मिली थी आरोपित की अंतिम लोकेशन

  2. आगरा में पिता, बहन और जीजा से भी की जा रही पूछताछ

जेएनएन, भोपाल। सेवानिवृत्त आइएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की भोपाल स्थित मकान में बुधवार तड़के गला रेतकर हत्या करने का आरोपित केयरटेकर वरुण कुमार को भोपाल पुलिस हर संभावित दिशा में तलाश रही है।

60 पुलिसकर्मियों की छह टीमें इसके लिए लगाई गई हैं। मोबाइल फोन से उसकी अंतिम लोकेशन आगरा और मथुरा रूट पर मिली थी। आगरा में उसने अपने एक दोस्त को राकेश का लूटा मोबाइल दिया। उसके बाद से उसकी लोकेशन नहीं मिली है।

आगरा से ट्रेन के जरिये उसके दूसरे शहर निकल जाने की आशंका है। ऐसे में, पुलिस अब दिल्ली, पंजाब और हरियाणा रूट के रेलवे स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

इस बीच आगरा में उसके पिता, बहन और बहनोई से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस आगरा में मोबाइल के इस्तेमाल और उसके बाद की गतिविधियों की पड़ताल कर रही है।

पुलिस सूत्रों का यह भी कहना है कि हत्या के बाद वरुण का एक पुराना मोबाइल नंबर चालू हुआ था। जांच टीम उस नंबर की गतिविधियों और उससे जुड़े संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।

वहीं, पुलिस ने राकेश अग्रवाल के ड्राइवर, पूर्व में काम कर चुके नौकरों और कुछ परिचितों के बयान दर्ज किए हैं। कुछ ने अग्रवाल को गुस्सैल स्वभाव का बताया।

पुलिस घटना से पहले की परिस्थितियों को समझने की कोशिश कर रही है। उधर, राकेश अग्रवाल का शुक्रवार सुबह भोपाल में भदभदा विश्राम घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। उनके बेटे सिद्धांत ने मुखाग्नि दी। अंत्येष्टि के दौरान कई सेवानिवृत्त आइएएस और पूर्व आइपीएस अधिकारी मौजूद रहे।