Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 14, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Weather News: तेज आंधी-बारिश से यूपी में फसलें बर्बाद, खेतों में जलभराव, कई राज्यों में बढ़ेगा पारा

    Updated: Mon, 14 Apr 2025 07:07 AM (GMT+05:30)

    उत्तर प्रदेश बिहार और झारखंड में बीते 24 घंटे में आंधी बारिश और वज्रपात ने तबाही मचाई। पूर्वांचल में तेज आंधी और ओलावृष्टि से गेहूं और आम की फसल को भा ...और पढ़ें

    यूपी के कई जिलों में तेज आंधी और बारिश के बाद खेतों में भरा पानी, फसलें हुईं चौपट। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
    यूपी के कई जिलों में तेज आंधी और बारिश के बाद खेतों में भरा पानी, फसलें हुईं चौपट। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

    HighLights

    1. पूर्वांचल में बारिश-ओले से गेहूं व आम की फसल को भारी नुकसान
    2. मीरजापुर में वज्रपात से एक व्यक्ति की मौत
    3. बिहार-झारखंड में यलो अलर्ट

    जागरण टीम, नई दिल्ली। मौसम ने बीते 24 घंटे में फिर करवट ली। आंधी-बारिश ने एक बार फिर किसानों की मुसीबत बढ़ा दी, खासकर उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल में ऐसा हुआ है। प्रदेश में वज्रपात से एक व्यक्ति की जान चली गई है।

    मौसम विभाग के अनुसार 14 और 15 अप्रैल को उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड सहित कई राज्यों में वज्रपात होने के साथ ही 40-50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही बारिश होने की भी संभावना है। गुरुवार और शुक्रवार को भी आंधी के साथ बारिश से उत्तर भारत के कई राज्यों में फसलों को नुकसान पहुंचा था।

    कुछ राज्यों में बढ़ेगा पारा

    उधर, पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के असर से मिल रही राहत अब खत्म हो गई है। सोमवार से दिल्ली, पंजाब, हरियाणा व राजस्थान सहित उत्तर भारत के कुछ राज्यों में तापमान और गर्मी दोनों में वृद्धि होगी। उत्तर प्रदेश में वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज समेत पूर्वांचल के कई जिलों में रविवार सुबह तेज आंधी के बाद जोरदार बारिश हुई। कुछ जगहों पर ओले भी पड़े हैं।

    तेज हवा, ओले गिरने और बारिश से खेतों में तैयार गेहूं की फसल और आम के टिकोरों के टूटने से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। गेहूं के दाने काले होने की आशंका से किसान चिंतित हैं। आंधी से कई जगह बिजली के खंभे उखड़ गए, जिससे आपूर्ति प्रभावित रही। जलभराव से भी लोग परेशान रहे। मीरजापुर में वज्रपात से एक व्यक्ति की मौत हो गई। सिंधोरा घाट पर निर्माणाधीन पीपा पुल का एक हिस्सा टूटकर तीन किलोमीटर दूर तक बह गया। रविवार को प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।

    खबरें और भी

    बिहार में यलो अलर्ट जारी

    बिहार में 19 अप्रैल तक कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा व तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। अगले 24 घंटों के दौरान पटना सहित 26 जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात व 40-50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। झारखंड के कई जिलों में भी 14 अप्रैल को 40-50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की वर्षा के साथ-साथ वज्रपात की भी संभावना जताई गई है।

    यह भी पढ़ें: हवा में ही भस्म हो जाएगा दुश्मन का ड्रोन, DRDO ने विकसित किया लेजर बीम; सिर्फ चंद देशों के पास ही है तकनीक