बंगाल और पूर्वोत्तर में आतंकी साजिश का पर्दाफाश, NIA ने जेएमबी के 11 आतंकियों पर कसी नकेल
एनआइए ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन जेएमबी के 'इमाम महमूदुर काफिला' धड़े के 11 आरोपितों के खिलाफ गुवाहाटी कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की है। ...और पढ़ें
-1782475273406_m.webp)
NIA ने 11 आतंकियों पर कसी नकेल
HighLights
एनआइए ने जेएमबी के 11 आतंकियों पर चार्जशीट दाखिल की।
बंगाल और पूर्वोत्तर में आतंकी साजिश का पर्दाफाश हुआ।
युवाओं को कट्टरपंथी बनाने का था मुख्य मकसद।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश की सुरक्षा में सेंध लगाने की एक और घिनौनी आतंकी साजिश का राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) ने पर्दाफाश कर दिया है।
प्रतिबंधित बांग्लादेशी आतंकी संगठन 'जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश' (जेएमबी) के एक खतरनाक धड़े 'इमाम महमूदुर काफिला' (आइएमके) द्वारा रची गई इस साजिश के मद्देनजर एनआइए ने गुवाहाटी की विशेष अदालत में 11 आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है।
यह सिर्फ एक कानूनी कार्रवाई नहीं, बल्कि देश की अखंडता को बचाने के लिए सुरक्षा एजेंसियों की एक बड़ी कामयाबी है। युवाओं के 'ब्रेनवॉश' और देशविरोधी प्रोपेगैंडा का खतरनाक जाल एनआइए की जांच में सामने आया है कि इस साजिश का मुख्य मकसद भारतीय धरती पर नफरत के बीज बोना था।
जेएमबी के वरिष्ठ सदस्य इमाम महमूद हबीबुल्ला ने भारत में इस प्रतिबंधित संगठन के खतरनाक एजेंडे को फैलाने के लिए ही आइएमके नाम का यह नया गुट तैयार किया था।
ये आरोपित देश के भोले-भाले और संवेदनशील युवाओं को अपना निशाना बना रहे थे। उन्हें कट्टरपंथी बनाने (रेडिकलाइजेशन), गुप्त बैठकें करने, धार्मिक तौर पर भड़काने और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिये भारत विरोधी जहरीला प्रोपेगैंडा फैलाने में ये पूरी तरह डूबे हुए थे।
असम और त्रिपुरा में फैले थे आतंकियों के नेटवर्क
देश को भीतर से खोखला करने की इस साजिश की जड़ें बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में गहरी फैल चुकी थीं। जांच एजेंसी ने इस नेटवर्क के दो मुख्य सरगनाओं की पहचान की है - नसीमउद्दीन, जो असम में इस आतंकी खेल का नेतृत्व कर रहा था और जागीर मिया, जो त्रिपुरा में संगठन की कमान संभाल रहा था।
एनआइए ने छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में आपत्तिजनक दस्तावेज, इलेक्ट्रानिक उपकरण और डिजिटल रिकार्ड जब्त किए हैं, जो इनके नापाक इरादों की गवाही दे रहे हैं।
देश के खिलाफ नफरत फैलाने वालों को कानून के कठघरे में खड़ा कर सुरक्षा एजेंसियों ने साफ संदेश दिया है कि भारत की संप्रभुता से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- 1 से 3 जुलाई तक भारत दौरे पर रहेंगी जापान की PM ताकाइची, व्यापार और रक्षा संबंधों पर होगी चर्चा