'ईसाई धर्म अपनाने का डाला दबाव', छत्तीसगढ़ में मतांतरण के आरोप में तीन महिलाएं गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के भनपुरी इलाके में घर में प्रार्थना सभा के जरिए मतांतरण कराने के आरोप में पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है।

छत्तीसगढ़ में मतांतरण के आरोप में तीन महिलाएं गिरफ्तार (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
शिकायतकर्ता ने कहा कि महिलाएं ईसाई धर्म अपनाने का दबाव डाल रही थीं
तीनों महिलाओं के विरुद्ध अपराध दर्ज कर लिया गया है
जेएनएन, रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के भनपुरी इलाके में घर में प्रार्थना सभा के जरिए मतांतरण कराने के आरोप में पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता तरेंद्र कुमार वर्मा ने आरोप लगाया है कि महिलाओं ने उस पर ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव डाला और प्रार्थना से बीमारी व दुख-दर्द दूर होने की बात कही। तीनों महिलाएं उसकी परिचित हैं और उसकी मोबाइल दुकान पर आती-जाती रहती थीं।
आरोप है कि उन्होंने हिंदू धर्म को लेकर आपत्तिजनक बातें कहीं। 21 अगस्त को दोपहर तरेंद्र सुषमा कौशिक नामक महिला के घर पहुंचा। यहां करीब 20-25 लोग पहले से प्रार्थना कर रहे थे।
आरोप है कि महिलाओं ने उसे भी मतांतरण के लिए कहा, लेकिन उसने इनकार कर दिया। इसी दौरान हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं को इसकी जानकारी मिली।
उन्होंने मौके पर पहुंचकर विरोध-प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और 12 लोगों को थाने लेकर आई।
शिकायत के आधार पर तीनों महिलाओं के विरुद्ध अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा ने बताया कि हिंदू संगठनों की शिकायत के बाद मामले की जांच की जा रही है।
