अंधेरी के होटल में की शूटिंग प्रैक्टिस, बिस्तर पर लगी थी गोली... टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में हमलावरों का खुलासा
टाइगर श्रॉफ पर हमले के आरोपियों ने मुंबई के पास शूटिंग का अभ्यास किया था और अंधेरी के एक होटल में हथियार टेस्ट करते समय गोली बिस्तर पर लगी थी।

टाइगर श्रॉफ पर हमले से पहले हमलावरों ने की थी प्रैक्टिस
HighLights
हमलावरों ने मुंबई के पास की शूटिंग प्रैक्टिस।
अंधेरी होटल में हथियार टेस्ट करते गोली बिस्तर पर लगी।
टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में अब तक 10 गिरफ्तार।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में बड़ी बात सामने आई है। जांच में पता चला है कि आरोपियों ने हमले को अंजाम देने से पहले मुंबई के पास कहीं शूटिंग की प्रैक्टिस की थी।
क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने उस जगह की पहचान भी की, जहां उन्होंने टाइगर श्रॉफ पर हमला करने से पहले हथियारों की टेस्टिंग की थी।
हमलावरों में से एक ने दो राउंड फायर किए, जबकि दूसरे ने एक राउंड फायर करके देखा कि हथियार ठीक से काम कर रहा है या नहीं।
हमले से पहले की हथियारों की टेस्टिंग
पुलिस को यह भी पता चला है कि अंधेरी के एक होटल के कमरे में हथियार को टेस्ट करते समय गलती से गोली चल गई, जो बिस्तर पर जा लगी।
पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर, पुलिस मुंबई के पास उस जगह की जांच कर रही है जहां शूटिंग की प्रैक्टिस की गई थी। इसके साथ ही घटना से पहले की गई तैयारियों की भी पड़ताल की जा रही है।
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में दो और संदिग्ध गिरफ्तार
मुंबई पुलिस ने फायरिंग मामले में बुधवार को दो और संदिग्धों को गिरफ्तार किया, जिससे गिरफ्तार लोगों की कुल संख्या 10 हो गई है। पुलिस इन दोनों आरोपियों की ट्रांजिट रिमांड के लिए हरियाणा में सोनीपत की अदालत में पेश करेगी।
अदालत से मंजूरी मिलने के बाद ही इन आरोपियों को आगे की पूछताछ के लिए मुंबई ले जाया जाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मामले में हथियार उपलब्ध कराने में इन दोनों संदिग्धों की अहम भूमिका थी।
पुलिस इस एंगल से भी जांच करेगी कि इन संदिग्धों के अन्य आरोपियों के साथ क्या संबंध हैं और घटना की योजना बनाने व उसे अंजाम देने में इनकी क्या भूमिका रही।
यह भी पढ़ें- टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में बड़ा खुलासा, 'डेड लेटर बाॅक्स' के जरिये अमृतसर से पहुंचे थे पिस्टल और कारतूस
