पीएम मोदी की तस्वीर हटाने के मामले में मनसे के दो कार्यकर्ता गिरफ्तार, राज ठाकरे के बेटे पर मुकदमा दर्ज
पुणे स्थित सरकारी पालिटेक्निक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तस्वीर हटाने के मामले में पुलिस ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के दो कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है।

पीएम मोदी की तस्वीर हटाने के मामले में मनसे के दो कार्यकर्ता गिरफ्तार (फोटो- एक्स)
HighLights
भाजपा युवा मोर्चा और एमएनएस कार्यकर्ताओं के बीच टकराव
पुलिस ने हस्तक्षेप कर कई लोगों को लिया हिरासत में
राज्य ब्यूरो, मुंबई। पुणे स्थित सरकारी पालिटेक्निक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तस्वीर हटाने के मामले में पुलिस ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के दो कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है।
इससे पहले सोमवार को पुलिस ने एमएनएस नेता और पार्टी प्रमुख राज ठाकरे के बेटे अमित ठाकरे समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
इस बीच, मंगलवार को मुंबई के दादर और माहिम में भाजपा युवा मोर्चा और एमएनएस कार्यकर्ताओं के बीच टकराव की स्थिति बन गई। पुलिस को हस्तक्षेप कर कई लोगों को हिरासत में लेना पड़ा।
चतु:शृंगी थाने के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, सरकारी पॉलिटेक्निक में प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर हटाए जाने के मामले में पूछताछ के लिए दो एमएनएस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, एमएनएस की छात्र शाखा के प्रमुख अमित ठाकरे सोमवार दोपहर सदस्यता अभियान के सिलसिले में सरकारी पॉलिटेक्निक पहुंचे थे।
आरोप है कि उन्होंने अपने समर्थकों से संस्थान के एक कार्यालय की दीवार पर लगी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तस्वीर हटाने को कहा।
शिकायतकर्ता कॉलेज अधिकारी के अनुसार, यह तस्वीर छत्रपति शिवाजी महाराज के चित्र के साथ-साथ डॉ. भीमराव आंबेडकर और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के चित्रों के समीप लगी थी। आरोप है कि अमित ठाकरे और उनके साथ आए लोगों ने बिना अनुमति कार्यालय में प्रवेश किया।
उन्होंने प्रधानमंत्री की तस्वीर हटाई, कर्मचारियों को धमकाया, नारेबाजी की और हंगामा किया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
अमित ठाकरे ने सोमवार को कहा था कि उनके राजनीतिक जीवन में दर्ज हुआ पहला पुलिस मामला छत्रपति शिवाजी महाराज से जुड़े आंदोलन को लेकर था।
उन्होंने कहा कि यदि दूसरा मामला भी छत्रपति शिवाजी महाराज के लिए दर्ज हुआ है तो उन्हें खुशी होगी। भाजपा नेता गणेश बिडकर ने इस कृत्य की आलोचना करते हुए अमित ठाकरे पर राजनीतिक अपरिपक्वता दिखाने का आरोप लगाया।
तस्वीर को हटाने के विवाद को लेकर मंगलवार को मुंबई के माहिम स्थित एमएनएस कार्यालय के बाहर भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।
महाराष्ट्र भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष कृष्णराज महाडिक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अमित ठाकरे द्वारा प्रधानमंत्री की तस्वीर हटाने को लेकर विरोध जताया।
इसके जवाब में एमएनएस समर्थक भी वहां पहुंच गए और दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने हस्तक्षेप किया और कई लोगों को हिरासत में ले लिया।
महाडिक ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई और एक कार्यकर्ता की सोने की चेन भी चोरी हो गई। उन्होंने एमएनएस कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।
इस बीच, नवी मुंबई के नेरुल थाने की पुलिस मंगलवार को एक अलग मामले में अमित ठाकरे को कानूनी नोटिस देने के लिए उनके पिता राज ठाकरे के दादर स्थित आवास ‘शिवतीर्थ’ पहुंची।
यह मामला नवी मुंबई के नेरुल में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के कथित तौर पर बिना अनुमति उद्घाटन से जुड़ा है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
