विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

होमवर्क न करने की सजा-मौत: बेरहमी से की पिटाई के बाद टीचर की ही गोद में 6 साल के मासूम ने तोड़ा दम

Updated: Thu, 20 Aug 2026 09:10 PM (GMT+05:30)

विशाखापत्तनम के एक निजी स्कूल में 6 साल के बच्चे की मौत हो गई। परिवार ने होमवर्क न करने पर टीचर की पिटाई का आरोप लगाया है।

HighLights

  1. विशाखापत्तनम के स्कूल में 6 साल के बच्चे की मौत।

  2. परिवार का आरोप, टीचर ने होमवर्क न करने पर पीटा।

  3. पुलिस जांच जारी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।

डिजिटल डेस्क, अमरावती। विशाखापत्तनम से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक प्राइवेट स्कूल में छह साल के बच्चे की मौत हो गई है। परिवार का आरोप है कि होमवर्क पूरा न करने पर टीचर ने बच्चे को पीटा था।

जानकारी के मुताबिक, 'वन टाउन' इलाके में मौजूद प्राइवेट स्कूल 'लिटिल गार्डन स्कूल' में क्लासरूम के अंदर बच्चे की तबीयत खराब हो गई। बाद में उसे किंग जॉर्ज हॉस्पिटल (KGH) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

टीचर की पिटाई से 6 साल के बच्चे की मौत

बच्चे की पहचान प्रणय तेजा के तौर पर हुई है। परिवार का आरोप है कि टीचर ने प्रणय की डंडे से पिटाई की थी, जिसके बाद वह जमीन पर गिर पड़ा था।

मौत की खबर मिलने के बाद परिवार के सदस्य और रिश्तेदार अस्पताल में जमा हो गए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस और रेवेन्यू अधिकारी बच्चे की मौत के कारणों की जांच कर रहे हैं। प्रणय की मौत की सही वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा।

परिवार ने टीचर पर लगाया आरोप

परिवार के मुताबिक, प्रणय गुरुवार सुबह घर से बिल्कुल ठीक-ठाक निकला था। उसके पिता ने बताया कि बच्चे ने खुद उस दिन स्कूल जाने की जिद की थी।

प्रणय के पिता ने घटनाक्रम के बारे में बताते हुए कहा, 'सुबह करीब 8 बजे मेरा बेटा उठा और उसने कहा कि वह स्कूल जाना चाहता है। उसने स्कूल जाने की जिद की।'

पिता ने कहा, 'हमने सोचा, 'ठीक है, परीक्षाएं जल्द ही होने वाली हैं, इसलिए उसे जाने देते हैं।' इसके बाद प्रणय स्कूल चला गया।

पिता ने आगे बताया, 'स्कूल से किसी ने मुझे फोन नहीं किया। मेरे जीजाजी के घर के पास काम करने वाले स्थानीय रसोइयों ने फोन करके मुझे जानकारी दी।'

जब बच्चे को किंग जॉर्ज हॉस्पिटल ले जाया गया, तो परिवार को बताया गया कि उसकी मौत हो चुकी थी। पिता ने बताया कि बाद में परिवार ने स्कूल के अंदर क्या हुआ था, इसकी जानकारी मांगी।

प्रणय के पिता ने यह भी कहा, 'डॉक्टर ने परिवार को बताया था कि अस्पताल पहुंचने से आधे घंटे पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।'

यह भी पढ़ें- आंध्र प्रदेश: बाहर निकलने की कोशिश कर रही थी महिला और अचानक नीचे की ओर चल पड़ी लिफ्ट, हुई मौत