विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 25, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Cyclone Sitrang Update: चक्रवात सितरंग से बांग्लादेश में 9 लोगों की मौत, भारत के इन 4 राज्यों में रेड अलर्ट

By Sanjeev TiwariEdited By:
Published: Tue, 25 Oct 2022 01:46 PM (IST)

Cyclone Sitrang Update चक्रवात सितरंग पश्चिम बंगाल तट को पार करते हुए बरिसाल के निकट बांग्लादेश तट से टकराया है। ...और पढ़ें

चक्रवात सितरंग के कारण असम में भारी बारिश (फोटो एएनआई)
चक्रवात सितरंग के कारण असम में भारी बारिश (फोटो एएनआई)

नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। चक्रवात सितरंग (Cyclone Sitrang)ने बांग्लादेश में तबाही मचानी शुरू कर दी है। अब तक यहां 9 लोगों की मौत की सूचना है। अधिकारियों ने हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। समाचार एजेंसी एएफपी ने बताया कि बरगुना, नरैल, सिराजगंज जिलों और भोला के द्वीप जिले में कम से कम 9 लोग मारे गए हैं। चक्रवात 'सितरंग' पश्चिम बंगाल तट को पार करते हुए बरिसाल के निकट बांग्लादेश तट से टकराया है। मौसम विभाग ने आज 25 अक्टूबर को सुबह यह जानकारी दी है।

भारत में चक्रवात सितरंग भले ही कमजोर पड़ गया है लेकिन कई राज्यों में अभी अलर्ट (Heavy Rainfall Alert)जारी है। मौसम विभाग ने आज, 25 अक्टूबर 2022 को ओडिशा, बंगाल, मिजोरम समेत कई इलाकों में बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई है। स्थिति को देखते हुए दोनों राज्यों की सरकारें अलर्ट मोड पर हैं। वहीं, असम, मेघालय, त्रिपुरा, मिजोरम में रेड अलर्ट जारी किया गया है।

चक्रवात 'सितरंग' ने बांग्लादेश में ली 9 की जान

चक्रवात सितरंग के प्रहार की चपेट में आने से बांग्लादेश में 9 लोगों की जान चली गई। हवा की रफ्तार लगभग 100 किलोमीटर प्रतिघंटा है। वहीं भारत में भी इस चक्रवात का असर दिखने लगा है। बंगाल के दक्षिण 24 परगना में बक्खाली समुद्र तट पर ज्वार-भाटा उठने लगा है। पर्यटकों और स्थानीय लोगों को समुद्र के पास न जाने की चेतावनी दी जा रही है।

यह भी पढ़ेंः बांग्लादेश में चक्रवाती तूफान से 9 की मौत, निचला इलाका जलमग्न

सितरंग चक्रवात से चार राज्यों में रेड अलर्ट

सितरंग चक्रवात के मद्देनजर सोमवार को असम, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा में 'रेड' अलर्ट जारी किया गया है। अधिकारियों ने कहा कि 26 अक्तूबर तक हैलाकांडी, करीमगंज, कछार, दीमा हसाओ, पूर्व और पश्चिम कार्बी आंगलोंग, मोरीगांव, नगांव, कामरूप मेट्रो, कामरूप, गोलपारा, गोलाघाट, जोरहाट और शिवसागर जिलों के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

असम में भारी बारिश से कई घर क्षतिग्रस्त, पेड़ उखड़े

चक्रवात सितरंग का असर असम में भी दिखाई दे रहा है। चक्रवात के कारण कई घर क्षतिग्रस्त हो गए। असम के नागांव जिले में भारी बारिश और तूफान आया है। सोमवार की रात आए चक्रवाती तूफान के कारण क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में कई पेड़ और बिजली के खंभे भी उखड़ गए है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक तूफान के कारण मध्य असम जिले के कलियाबोर, बामुनि, सकमुथिया चाय बागान और बोरलीगांव क्षेत्रों में कई घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। क्षेत्र में अभी तक तूफान से किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

बंगाल में भी तबाही मचा सकता है चक्रवात सितरंग

चक्रवात सितरंग के असर के चलते पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई है। इस चक्रवात का असर जिन इलाको में सबसे ज्यादा रहने की आशंका है उसमें दक्षिण 24 परगना और उत्तर 24 परगना शामिल है। इसके अलावा मिदनापुर और मुर्शिदाबाद में तेज बारिश का अनुमान है. इसके अलावा कोलकाता, हावड़ा और हुगली में भी अलर्ट जारी किया गया है। SDRF और NDRF टीमों की तैनाती जगह जगह कर दी गई है।

100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा

बांग्लादेश के क्षेत्रीय मौसम केंद्र ने बताया कि चक्रवात सितरंग ने सोमवार को रात 9.30 से 11.30 बजे के बीच बांग्लादेश के बारिसल के पास तिनकोना द्वीप और सैंडविच के बीच लगभग 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार की हवा के साथ बारिश हुई। तेज आंधी में कई घर क्षतिग्रस्त हो गए और सैंकड़ों जगह पेड़ उखड़ गए।

यह भी पढ़ेंः चक्रवात सितरंग का असर, पश्चिम बंगाल सहित 10 राज्यों में अलर्ट, पढ़ें- लेटेस्ट अपडेट

अगले 24 घंटे इन इलाकों में बारिश का अलर्ट

स्काईमेट वेदर के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान गंगीय पश्चिम बंगाल में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। इसके बाद मौसम साफ हो जाएगा। ओडिशा के उत्तर उत्तर तटीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। सितरंग तूफान के चलते पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भारी बारिश की संभावनाएं हैं। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और मणिपुर के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। मिजोरम और त्रिपुरा में एक या दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के शेष हिस्सों में एक या दो मध्यम स्थानों पर हल्की बारिश संभव है। वहीं, केरल और तमिलनाडु के दक्षिणी हिस्सों में और लक्षद्वीप में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश संभव है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।